
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले की सुवासरा सीट से भाजपा विधायक रहे राधेश्याम पाटीदार का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में वह अपनी ही सरकार के सिस्टम को चुनौती देते हुए तहसीलदार और पटवारी को गाली दे रहे हैं।
पूर्व विधायक पाटीदार ने स्थानीय बोली (मालवी) में यह भी कहा कि पटवारी यहां नपती करने आए तो सही उनके पैर काट देंगे। हालांकि, बाद में उन्होंने सफाई दी कि वीडियो में काट-छांट की गई है।
पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार ग्राम गुराड़िया प्रताप में रहते हैं। उनके गांव के पास ग्राम सेमली कांकड़ में सर्वे नंबर पांच और सात की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मामला एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है। इस बीच दूसरे पक्ष के परमानंद पाटीदार, कालूराम पाटीदार और बद्रीसिंह परिहार ने पूर्व विधायक राधेश्याम व उनके स्वजन पर जमीन कब्जे की कोशिश, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
बताया कि बंदोबस्त के बाद से त्रुटिपूर्ण नक्शे के कारण विवाद की स्थिति बनी। बद्रीसिंह ने कहा कि पूर्व विधायक द्वारा अपनी प्रशासनिक पहुंच और धौंस दिखाते हैं। कहते हैं कि कलेक्टर-एसपी भी यहां दौड़ते हुए आएंगे।
वहीं पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार ने कहा कि उनका वीडियो काट-छांट कर प्रसारित किया गया है। एक किसान 1954 से इसी भूमि पर खेती कर रहा है लेकिन कुछ लोग शासकीय पट्टाधारी से जमीन खरीदकर उस पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
यह भी पढ़ें- दतिया उप-चुनाव: विधानसभा चुनाव की तुलना में मिले ज्यादा वोट, सीएम डॉ. मोहन बोले- भविष्य में और ताकत से लड़ेंगे