
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर : जिले के ग्राम रिंडा स्थित एक निजी स्कूल का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय वाहन में स्कूली बच्चे सवार थे। वाहन में सवार कुछ बच्चे हादसे में घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
जानकारी अनुसार ग्राम रिंडा स्थित जीनियस पब्लिक स्कूल के बच्चों को स्कूल ले जा रही तूफान गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। हादसे में करीब 6 से 7 स्कूली बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घायल बच्चों को देखा और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाकर उपचार के लिए भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे।
अधिकारियों ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों को घायल बच्चों का तत्काल उपचार करने के निर्देश दिए। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में बच्चों के उपचार को लेकर सक्रियता बढ़ गई। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। फिलहाल एक बच्ची के गंभीर घायल होने की सूचना है, जिसे रेफर किया गया है।
पिपलियामंडी। ग्राम लसुडिया राठौर से पिपलियामंडी कार्यक्रम में आ रहे बाइक सवार परिवार को कृषि मंडी के आगे श्रीलालजी पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी व बेटी घायल हो गए थे।
महिला के सिर में अधिक चोट आने पर उन्हें मंदसौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका उपचार जारी है। फरियादी ओमप्रकाश रत्नावत के अनुसार 23 अक्टूबर की सुबह करीब 8.45 बजे वह पत्नी 45 वर्षीय ललिता रत्नावत और बेटी 20 वर्षीय रिद्धी रत्नावत के साथ बाइक एमपी-41 एमबी-6629 से पिपलियामंडी आ रहा था।
इसी दौरान कृषि मंडी से आगे श्रीलालजी पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी व बेटी घायल हो गए। ओमप्रकाश रत्नावत के घुटने और कोहनी व उनकी पत्नी ललिता के सिर, हाथ, कंधे और कोहनी के चोट लगी, बेटी रिद्धी के घुटने और कोहनी में चोट लगी। घायलों को एलएम अस्पताल पिपलियामंडी पहुंचाया गया।
इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल मंदसौर ले जाया गया, जहां जांच और उपचार किया गया। ललिता के सिर में अधिक चोट होने के कारण उन्हें मंदसौर निजी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक पर केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- रतलाम जिले में बोलेरो से टकराया स्कूली वाहन, 16 बच्चे घायल