
नईदुनिया न्यूज, पिपलियामंडी (मंदसौर)। ग्राम बोतलगंज स्थित मप्र विद्युत वितरण केंद्र कार्यालय पर बुधवार दोपहर में बिजली चोरी का प्रकरण बनाने के विरोध में पहुंची महिला आग लगने से जल गई। अब उसने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। या दुर्घटनावश आग लग गई इसके बारे में पुलिस जांच के बाद ही पता चलेगा। हादसे से हड़कंप मच गया और वहां मौजूद कर्मचारियों ने किसी तरह से महिला की आग बुझाई। उसके बाद स्वजन व अन्य लोगों ने महिला को तत्काल मंदसौर जिला चिकित्सालय पहुंचाया। मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस व अन्य लोगों से मिली जानकारी अनुसार मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण केंद्र बोतलगंज पर पदस्थ सहायक यंत्री एनके प्रजापति व कर्मचारियों ने मरियम बी पत्नी आशिक गुटी निवासी बोतलगंज का विद्युत चोरी का प्रकरण बनाया था। उसके बाद अधिकारी-कर्मचारी बोतलगंज स्थित विद्युत वितरण कार्यालय पहुंच गए थे। दोपहर लगभग 1:30 बजे मरियम बी और उसके साथ कुछ लोग भी विद्युत कार्यालय पहुंचे। वहां विद्युत चोरी के प्रकरण को लेकर कंपनी कर्मचारियों से विवाद करने लगे।
पुलिस ने बताया कि महिला व उसके साथी बोतल में कुछ पेट्रोल भी भरकर लाए थे। तभी अचानक महिला के कपड़ों ने आग पकड़ ली। महिला के साथ आए लोगों ओर विद्युतकर्मियों ने महिला पर कंबल, रजाई डालकर आग को बुझाया। इसके बाद आग की चपेट में झुलसी महिला को जिला चिकित्सालय भेजा गया। बाद में मौके पर पिपलियामंडी थाने से पुलिस पहुंची और पंचनामा बनाया।
मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बोतलगंज विद्युत वितरण केंद्र पर पदस्थ सहायक यंत्री एनके प्रजापति ने बताया कि मरियम बी स्लेट पेंसिल कारखाना संचालित करती है। पहले भी इस पर विद्युत चोरी के प्रकरण बने हुए है। बुधवार को भी जांच के दौरान देखा कि विद्युत चोरी की जा रही है तो पंचनामा बनाकर चोरी का प्रकरण बनाया था और लाइट बंद कर दी थी। उसके बाद हम कार्यालय आ गये थे।
कुछ देर बाद मरियम बी हाथ में पीले द्रव्य की बोतल लेकर आई उसके साथ कुछ लोग भी पहुंचे थे। वह चोरी का प्रकरण बनाने व बिजली कनेक्शन काटने का विरोध करने लगे। इसी दौरान हो हल्ला हुआ। और महिला के कपड़ों से आग की लपटे निकलने लगी। तत्काल कर्मचारियों ने कंबल और रजाई डालकर आग बुझाई।
मल्हारगढ़ एसडीओपी पिंटू बघेल ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पुलिसकर्मी पहुंच गए है। महिला बिजली की समस्या को लेकर कार्यालय पर आई थी अब यह जांच का विषय है कि उसने खुद आग लगाई है या दुर्घटनावश लग गई है। महिला के बयान देने की स्थिति में आने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।