मंदसौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। मिड इंडिया अंडरब्रिज में नगर पालिका के हिस्से के बकाया 1.90 करोड़ रुपये के लिए नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा संचित निधि का उपयोग करने की स्वीकृति देने के बाद अब यहां निर्माण की हलचल तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि बरसात के पहले अंडरब्रिज बनकर तैयार हो जाएगा। ठेकेदार ने पटरियों के नीचे रखे जाने वाले बाक्स लगभग तैयार कर लिए है और पटरियों को भी गर्डर पर कस दिया गया है। अब अप्रैल में ब्लाक लेकर सीमेंट के बाक्स रखे जा सकते हैं। उसके बाद दोनों तरफ की रोड बनाने का कार्य चलता रहेगा।
मिड इंडिया रेलवे फाटक पर बन रहे अंडरब्रिज का निर्माण फरवरी 2020 में प्रारंभ हुआ था। इसके तुरंत बाद मार्च में लाकडाउन होने से करीब दो माह तक काम बंद रहा। इसके बाद अन्य कारणों से काम प्रभावित हुआ। कार्य में लगातार देरी होने से ब्रिज निर्माण का इंतजार कर रही पटरी पार रहने वाली शहर की 30 हजार से अधिक की आबादी की परेशानी कम नहीं हो रही है। सबसे बड़ी बाधा अंडरब्रिज की कुल लागत 7.65 करोड़ में से नपा के हिस्से के 3.35 करोड़ रुपये की थी। अभी तक नपा लगभग 1.50 करोड़ रुपये रेलवे को दे चुकी थी और बाकी बचे लगभग 1.90 करोड़ के लिए रेलवे का दबाव बढ़ता ही जा रहा था। मुख्यमंत्री ने अंडरब्रिज के लिए चार करोड़ रुपये की घोषणा भी की थी पर वहां से राशि नहीं आ पा रही थी। अब नगरीय प्रशासन विभाग की संचित निधि से 1.90 करोड़ रुपये जारी हो रहे हैं तो रेलवे भी काम को तेज गति से करेगा। मिड इंडिया रेलवे फाटक की तरफ खोदाई कर लगभग 3.2 मीटर ऊंचाई का अंडरब्रिज बन रहा है यह कुल 170 मीटर लंबा होगा। रेलवे के अधिकारियों ने 31 मार्च तक अंडरब्रिज का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य लिया था पर अब एकाध माह देरी से मई तक पूर्ण होने की संभावना लग रही है।
स्कूल बसें व छोटे चार पहिया वाहन निकलेंगे
अंडरब्रिज बनने से पटरी पार के लगभग 30 हजार से अधिक लोगों को राहत मिलेगी। माल गोदाम रोड पर तिरुपति होटल के सामने से अंडरब्रिज प्रारंभ होगा जो मिड इंडिया फैक्ट्री के पास तक बनेगा। लगभग 3.2 मीटर ऊंचाई का अंडरब्रिज बनेगा। यह गीता भवन अंडरब्रिज के समान होगा। इसमें से दुपहिया एवं चार पहिया वाहन व स्कूल बसे आसानी से निकल सकेगी। अंडरब्रिज में 11 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी जिसमें पांच-पांच मीटर की सड़क दो भागों में रहेगी। बीच में दीवार या डिवाइडर बनाया जाएगा। अंडरब्रिज लगभग 170 मीटर लंबा बनेगा। अंडरब्रिज के निर्माण में आधी राशि रेलवे एवं आधी राशि नपा दे रही है। अभी सारा यातायात गीता भवन अंडरब्रिज से होकर ही निकल रहा है।
फैक्ट फाइल
कार्य का नाम-मिड इंडिया अंडरब्रिज
लागत-7.65 करोड़
अंडरब्रिज की लंबाई-170 मीटर
ब्लाक-44 मीटर
दोनों तरफ ओपन-60-60 मीटर
अंडरब्रिज की ऊंचाई -3.2 मीटर
अंडरब्रिज में सड़क-5-5 मीटर की अप-डाउन सड़क
कार्य अवधि- एक वर्ष
निर्माण एजेंसी-देवसी गोविंदजी परमार, गांधीधाम, गुजरात