शामगढ़(नईदुनिया न्यू ज)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा रेल मंडल द्वारा नए वर्ष में यात्रियों को सुविधाओं के लिए 5 जनवरी से तीन मेमू ट्रेन प्रारंभ की जा रही है। इसमें एक मेमू कोटा से नागदा के बीच चलेगी। नई मेमू ट्रेन से मंदसौर जिले के शामगढ़, गरोठ, सुवासरा के लोगों सुविधा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार कोटा के सगोरिया स्टेशन से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रेल राज्यमंत्री दर्शना जरदोष तीनों मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। डीआरएम पंकज शर्मा ने बताया कि 5 जनवरी से कोटा-नागदा, कोटा-झालावाड़ तथा कोटा-बीना मेमू ट्रेन प्रारंभ होगी। पहले एक मेमू ट्रेन कोटा से शामगढ़ तक चलाने की योजना थी। अब इसे कोटा से नागदा तक चलाया जा रहा है। ताकि इंदौर, उज्जैन व रतलाम की तरफ जाने वाले यात्रियों को लाभ मिल सके। कोटा मंडल में मिशन रफ्तार के तहत तेजी से कार्य चल रहा है। मुंबई-दिल्ली रेलमार्ग की संपूर्ण परियोजना पर करीबन 6661 करोड़ के कार्य होंगे। रेलवे ट्रेक के दोनों तरफ बाउंड्रीवाल का कार्य विभिन्ना चरणों में किया जाना है। इसके लिए ज्यादा आबादी वाली जगहों को चिन्हित किया गया है। कोटा मंडल के मथुरा से नागदा के बीच कुल 544 किमी रेलखंड में मिशन रफ्तार की प्रगति बेहतर है। मंडल के क्षेत्राधिकार में मिशन रफ्तार का कार्य दिसंबर 23 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
अभी टाइम टेबल एक दो दिन में जारी होगा
कोटा-नागदा मेमू ट्रेन का पूरा टाइम टेबल तो जारी नहीं हुआ है पर प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मेमू ट्रेन प्रतिदिन सुबह छह बजे कोटा से चलेगी और 10ः25 बजे नागदा पहुंचेगी। ट्रेन सुबह 8ः30 बजे के लगभग शामगढ़ आएगी। वहीं वापसी में नागदा-कोटा मेमू ट्रेन दोपहर 2ः25 बजे नागदा से चलेगी और शाम सात बजे कोटा पहुंचेगी। इस दौरान यह शाम लगभग 4ः30 बजे शामगढ आएगी। मेमू के चलने से गरोठ, शामगढ़, सुवासरा के लोगों को फायदा मिलेगा।