*75 दिन लगेंगे निश्शुल्क टीके : पहले दिन 2950 लोगों ने लगवाया सुरक्षा का 'सतर्कता डोज'
*21 जुलाई से 25 सितंबर तक चलेगा सतर्कता डोज टीकाकरण अभियान, हर 15 दिन में होगा महाअभियान
मंदसौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। कोरोना से पूरी तरह जंग जीतने के सुरक्षा के टीके का तीसरी डोज अब तेजी से लगना प्रारंभ हो गया है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को 75 दिन तक शासन द्वारा निश्शुल्क सतर्कता डोज लगाने के लिए 15 जुलाई से टीकाकरण शुरू कर दिया है। सतर्कता डोज के लिए गति तेज होते ही लोगों में भी उत्साह छा गया है। पहले दिन जिलेभर के टीकाकरण केंद्रों पर 2950 लोगों ने सतर्कता डोज लगवाई। इसके साथ ही अब धीरे-धीरे अभियान की गति ओर बढ़ेगी। 21 जुलाई से 25 सितम्बर तक विशेष अभियान चलेगा। इस बीच हर 15 दिन में सतर्कता डोज के लिए महाअभियान भी होगा।
सतर्कता डोज के लिए शुक्रवार को लोगों में भी उत्साह छाया रहा। मंदसौर में जिला अस्पताल लांड्री एरिया और स्वास्थ्य केंद्र नृसिंहपुरा में सतर्कता डोज लगाए गए। इसके अलावा अल के ग्रामीण क्षेत्रो में 40 सीएससी, 7 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दो सिविल अस्पताल गरोठ-भानपुरा भी सतर्कता डोज के लिए केंद्र बनाये गए थे। इन सभी केंद्रों में सुबह से शाम तक 2950 लोगों ने सतर्कता डोज लगवाई है। दिनभर केंद्रों पर लोगों की भीड़ रही। तीसरे टीके के रूप में सतर्कता डोज लगते ही लोगों के खुशी भी छा गई। डोज लगवाने के बाद लोगों ने चर्चा में कहा कि अब हमें सतर्कता डोज लग गया है हम पूरी तरह से सुरक्षित है, सभी को सतर्कता डोज जरूर लगवानी चाहिए। जिले में अब तक 70 हजार 495 लोगों ने सतर्कता डोज लगवा ली है।
सीएमएचओ डा. केएल राठौर ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव में 15 जुलाई से 75 दिन का निश्शुल्क सतर्कता डोज के लिए वैक्सीनेशन अभियान जिले में शुरू किया गया है। पहले दिन 2950 लोगों को सतर्कता डोज लगाई गई। 18 वर्ष से ऊपर की आयु के सभी नागरिकों को सरकारी केंद्रों पर सतर्कता डोज लगाई गई। दूसरी डोज के छह महीने बाद सतर्कता डोज लगवा सकते हैं।
---
अब तक इतने लोगों को लगी डोज
पहली डोज- -1117926
दूसरी डोज- -1120278
सतर्कता डोज- -70495
---
पहले दिन कुचड़ौद में 60 लोगों ने लगवाई सतर्कता डोज
कुचड़ौद। कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए केंद्र सरकार द्वारा बूस्टर डोज के लिए अभियान शुरू किया है। सतर्कता डोज निश्शुल्क लगाया जा रहा है। शुक्रवार को कुचड़ौद में पहले दिन 60 महिला-पुरुष व युवाओं को एएनएम यशोदा खड़े ने उप स्वास्थ्य केंद्र पर टीके लगाए। उन्होंने बताया अधिकांश ग्रामीणों को फ्री टीकाकरण के विषय में जानकारी नहीं होने से, पहले दिन 60 लोगों को ही टीका लग पाया है। कोरोना से बचाव के लिए लोगों को सतर्कता डोज लगवानी चाहिए।
---
स्वास्थ्य केंद्र नाहरगढ़ पर लगाए गए सतर्कता डोज
नाहरगढ़। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नाहरगढ़ पर 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को 75 दिन तक मुक्त वैक्सीनेशन प्रारंभ हुआ। केंद्र पर शुक्रवार को डा. जुही बारिया, नर्सिंग आफिसर हंसा कुमावत, सुपरवाइजर संजय दुबे, ज्योति राजपूत, यशोदा चौहान, विभा तारे आशा कार्यकर्त्ता, अजय आदि की उपस्थिति में अभियान का शुभारंभ किया। डा. जूही बारिया ने बताया कि सतर्कता डोज 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को 75 दिन तक मुक्त नाहरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पर लगाई जाएगी।