
मंदसौर। लदूना में एक महिला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की गाड़ी के सामने आत्महत्या करने बैठ गई। इसके बाद तो वहां हंगामा मच गया। महिला ने कहा कि उसके परिवार वालों के साथ मारपीट की गई है। वो कई बार थानों के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन कहीं भी उसकी सुनवाई नहीं हो रही है।
इस पर नंदकुमार सिंह चौहान ने गाड़ी से उतरकर महिला को समझाया और पुलिस अधिकारियों को उसकी सहायता करने की बात कही। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चौहान यहां किसानों को संबोधित करने के लिए आए थे। लेकिन नाराज किसान उन्हें सुनने के लिए नहीं पहुंचे।
गौरतलब है कि आंदोलन के दौरान फायरिंग में किसानों की मौत के बाद यहां प्रशासन और पुलिस अलर्ट पर हैं। ऐसे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की गाड़ी के सामने महिला द्वारा आत्महत्या करने के लिए बैठने की घटना एक बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।