
नईदुनिया न्यूज, सागौर (महू)। सागौर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंजरोद में मिले अज्ञात युवक के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग के चलते दोस्त ने अपने साथी के साथ मिलकर युवक की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को नाले में फेंक दिया।
जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल को गुलाब पटेल के खेत के पास गुलरझिरी नाले में एक अज्ञात युवक का 3-4 दिन पुराना, बुरी तरह सड़ा-गला शव मिला था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पहचान कराने पर मृतक की पहचान संजय पुत्र मुकेश भुरिया (26) निवासी करोंदिया खुर्द, चौकी उमरबन, थाना मनावर के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मयंक अवस्थी के निर्देशन में एएसपी पारुल बेलापुरकर एवं सीएसपी रवि सोनेर के मार्गदर्शन में टीआई प्रकाश सरोदे के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जांच के दौरान 30 अप्रैल को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही अजय मालीवाड़ निवासी कुंजरोद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी सोहन डावर के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपित अजय ने बताया कि इंदौर में काम के दौरान उसकी दोस्ती मृतक संजय से हुई थी। इसी दौरान संजय की आरोपित की पत्नी रिंकुबाई से फोन पर बातचीत होने लगी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। गांव लौटने के बाद भी संजय लगातार रिंकुबाई से संपर्क करता रहा, जबकि उसे मना किया गया था। 23 अप्रैल को अजय की बहन की शादी के मेहंदी कार्यक्रम के दौरान भी संजय ने कई बार फोन किया, जिससे अजय नाराज हो गया। उसी दिन उसने अपने दोस्त सोहन डावर के साथ मिलकर संजय की हत्या की योजना बनाई। अजय ने संजय को शादी में आने और शराब पीने के बहाने कई बार फोन कर कुंजरोद बुलाया।
देर रात करीब 2 बजे संजय अपनी मोटरसाइकिल से गांव पहुंचा, जहां अजय और सोहन पहले से मौजूद थे। दोनों उसे उकाला बयड़ी के पास एक खेत में ले गए, जहां गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद पत्थर से सिर और शरीर पर वार कर उसकी मौत सुनिश्चित की। हत्या के बाद शव को मोटरसाइकिल पर रखकर करीब 2 किमी दूर गुलाब पटेल के खेत के पास सूखे नाले में फेंक दिया। साक्ष्य छिपाने के लिए मोटरसाइकिल और मोबाइल भी अलग-अलग स्थानों पर छुपा दिए।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनका पुलिस रिमांड प्राप्त किया है और आगे की कार्रवाई जारी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रकाश सरोदे, एएसआई रामप्रसाद मालवीय, राजेश सिलोरिया, प्रआ अनिल राठौर, संजय सिसोदिया, ब्रजेश सिंह पंवार, आमिर अंसारी, मनीष चौधरी, रवि सुसनेरिया, आ प्रदीप यादव, धर्मेंद्र यादव तथा साइबर शाखा के प्रशांत का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
इंदौर में बाइक चुरा कर वृद्धा से चेन लूटी, सिकलीगर सहित तीन गिरफ्तार