
महू (इंदौर)। शहर से 32 किमी दूर पर्यटक स्थल पर गुरुवार सुबह हादसा हो गया। यहां घूमने आए तीन युवक कार सहित सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरे। गिरती कार से दो युवक कूद गए। दोनों गंभीर घायल हुए, जबकि कार चालक की मौके पर मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह साढ़े पांच बजे के करीब कार (एमपी 09 टीए 9447) जाम गेट के कुछ मीटर पहले असंतुलित होकर 1500 फीट गहरी खाई में गिर गई।
भूपेंद्र (30) पिता चन्नू सिंह, निवासी जबलपुर दो सौ फीट नीचे घायल पड़ा था, जिसके चिल्लाने की आवाज से ग्रामीण पहुंचे और उसे ऊपर लाए। वहीं करीब पांच सौ फीट नीचे से दूसरे घायल शशांक पिता शशिकांत अग्रवाल, निवासी जबलपुर, हाल मुकाम अग्रवाल नगर, इंदौर को ऊपर लेकर आए।
बाद में पुलिस व आपदा प्रबंधन दल ने करीब 1500 फीट नीचे घने जंगल में जाकर कार को खोजा और उसमें फंसे चालक हिमांशु पांडे निवासी रीवा को बाहर निकाला। दोनों घायलों को महू के शासकीय अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रैफर किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह घना कोहरा छाया हुआ था। मोड़ पर कोहरा होने से चालक को दिखाई नहीं दिया और हादसा हो गया। आपदा प्रबंधन के मेजर डीके परमार ने बताया कि चालक ने कार में बेल्ट लगा रखा था, जिस कारण वह दरवाजा खोलकर कूद नहीं पाया होगा। बेल्ट को काटकर उसे बाहर निकाला गया। सैकड़ों फीट नीचे गिरने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसे ऊपर ला पाना मुश्किल काम है।