
Dr Ambedkar Jayanti 2023: महू, इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। इस वर्ष मध्य प्रदेश में विधानसभा और अगले साल देश में लोकसभा चुनाव को देखते हुए इंदौर के समीप स्थित महू शुक्रवार को राजनीति का महातीर्थ हो गया। संविधान निर्माता बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू (डा. आंबेडकरनगर) की माटी उनके जन्म के 132 वर्ष बाद भी मतों की फसल के लिए उर्वरा है। इसी माटी को माथे पर लगाने देशभर के दिग्गज राजनेता शुक्रवार को बाबा साहेब की जयंती पर महू पहुंचे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ तो मध्य प्रदेश के ही हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई अन्य राज्यों के नेताओं-अनुयायियों ने भी यहां बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित किए। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद रावण भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
बाबा साहेब का देश और प्रदेश के एससी मतदाताओं पर गहरा प्रभाव है। उनकी प्रतिमा के सामने किया गया नमन उनके अनुयायियों के सामने सिर झुकाने की तरह है। ऐसे में कोई पार्टी और नेता इसमें पीछे रहना नहीं चाहता। कांग्रेस सहित विपक्ष के अन्य दलों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए सत्ताधारी पार्टी यानी भाजपा द्वारा लोगों के लिए कुछ भी नहीं करने का आरोप लगाया।
कमल नाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने डा. आंबेडकर की प्रतिमा के नीचे झूठ बोला और यहां धर्मशाला बनाने की कोरी घोषणा कई बार की। अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा साहेब ने जो संविधान दिया उसे खत्म करने के लिए सरकारें काम कर रही हैं। उत्तर प्रदेश में चुनाव को देखते हुए भाजपा एनकाउंटर करवा रही है। तमाम आरोपों पर पलटवार करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने घोषणाओं की झड़ी लगाते हुए कहा कि विपक्ष के आरोप झूठे हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार की नाकामियों को सिलसिलेवार तरीके से गिनाया।
लंदन सहित पंच तीर्थ की यात्रा कराएगी मध्य प्रदेश सरकार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महू में कहा कि डा. भीमराव आंबेडकर के पंचतीर्थ में शामिल शिक्षा भूमि लंदन की यात्रा भी राज्य सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत कराएगी। इसके लिए प्रदेश के श्रद्धालुओं को अनुदान राशि दी जाएगी। जबकि पंचतीर्थ में शामिल भारत के चार अन्य तीर्थों की यात्रा के लिए विशेष ट्रेन भेजी जाएगी। इनमें जन्मस्थली महू, दीक्षा भूमि नागपुर, नई दिल्ली में महापरिनिर्वाण भूमि, मुंबई में चैत्यभूमि शामिल है। उन्होंने बताया कि डा. आंबेडकर जन्मस्थली के पास 3.5 एकड़ जमीन पर श्रद्धालुओं के लिए धर्मशाला और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
महू में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि बाबा साहब आंबेडकर अनके बार विदेश गए, लेकिन कभी शराब और सिंगरेट का सेवन नहीं किया। हमे उनके न्याय और अन्य पथों का अनुसरण करना चाहिए। सीएम शिवराज ने राष्ट्रीय भीम अलंकरण पुरस्कार खरगोन के रामेश्वर बड़ोले को दिया गया।

मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
हमने बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जी के जीवन से संबंधित पंच तीर्थों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जोड़ने का फैसला किया है।
- माननीय मुख्यमंत्री श्री @ChouhanShivraj जी pic.twitter.com/NrTQTJ3gPj
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) April 14, 2023

पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने महू पहुंचकर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया
इसके पहले गुरुवार शाम को 5 बजे महू शहर में डा. आंबेडकर राष्ट्रीय गौरव यात्रा निकाली गई। यात्रा में एक सुसज्जित रथ में बाबा साहब के अस्थिकलश भी रखे गए, जिसके महू शहरवासियों ने दर्शन किए। यात्रा में बाहर से अनुयायी भी शामिल हुए। यात्रा में 60 से अधिक घोड़ों पर बालिकाएं महाराष्ट्रीयन परिधान में बैठकर निकली। सभी के हाथ में 'वी लव यू फार राइट्स' की तख्तियां थी। इसके साथ ही बालिकाओं और युवतियों द्वारा प्रसिद्ध लेझिम डांस की प्रस्तुति भी हुई। यात्रा सात रास्ता चौक से ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शुरू हुई।

इसके बाद हरी फाटक, होते हुए भीम जन्मभूमि स्मारक पहुंची। 5 रथों में बौद्ध भिक्षु भी बैठ कर शामिल हुए। का समापन डा. भीमराव आंबेडकर जन्मभूमि स्मारक पर हुआ। यह कार्यक्रम और रैली डा. बाबा साहब आंबेडकर मेमोरियल सोसायटी द्वारा किया जा रहा है। यात्रा में समिति के अध्यक्ष भदंत सुमेध बोधी, सचिव राजेश वानखेड़े, सदस्य डा. अनिल गजभिए, प्रकाश वानखेड़े, अरूण इंगले, राजीव कुमार अंबोरे सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रात ठीक 12 बजे समता सैनिक दल ने सलामी दी। भव्य आतिशबाजी की गई जिसे देखने के लिए महू सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र भी लोग भी आंबेडकर स्मारक पहुंचे।

सीएम शिवराज ने किया भगवान बुद्ध की प्रतिमा का अनावरण

सुबह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय पहुंचे और बाबा साहब को नमन किया। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हेलीकाप्टर से तेलीखेड़ा स्थित हेलीपैड पहुंचे। वहां से वाहन से आंबेडकर स्मारक आए और बाबा साहब को नमन कर माल्यार्पण किया।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल, सीएम शिवराज सिंह चौहान, राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार ने समरसता भोज किया।