Indore-Mhow City Bus नईदुनिया प्रतिनिधि, महू। महू शहर में यात्रियों की सुविधा के लिए फिर से महू-इंदौर के बीच सिटी बस का संचालन शुरू किया है। फिलहाल दो सिटी बस की छह फेरियां चलाई जा रही हैं।
महू-इंदौर के बीच लंबे समय से हाईकोर्ट में केस चलने के कारण सिटी बस का संचालन बंद हो चुका था। इसको लेकर कई बार यात्रियों द्वारा भी मांग की गई थी। महू-इंदौर डेली अप डाउन करने वालों के लिए सिटी बस अच्छा परिवहन माध्यम थी, लेकिन इसके बंद होने से केवल उपनगरीय बसें रह गई, जो कि तेज गति से अनियंत्रित होकर बसें दौड़ाते हैं। साथ ही यात्रियों के साथ बदतमीजी भी करते हैं। मगर यात्रियों के लिए एकमात्र यही विकल्प शेष रह गया था। पर अब फिर से सिटी बस का संचालन शुरू हुआ है।
महू में रेलवे द्वारा महू-राऊ दोहरीकरण के लिए मेगा ब्लॉक लिया हुआ है। इसमें महू से सभी ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया है। इसके कारण महू-इंदौर डेली अप डाउन करने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही थी। यात्रियों के पास केवल उपनगरीय बस ही एकमात्र विकल्प शेष रह गया था, लेकिन अब स्पेशल परमिट पर महू-इंदौर के बीच दो सिटी बस का संचालन किया जा रहा है। यह बसें मंगलवार से शुरू हुई है। फिलहाल दो बसों की तीन-तीन यानी फेरी चलाई जा रही है। कोर्ट में केस चलने के कारण यह बसें नियमित चलाने की जगह बरात परमिट पर चलाई जा रही हैं।
एआईसीटीएसएल द्वारा दोनों बसों का समय निर्धारित किया गया है। इसमें इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन से सुबह 6.30 बजे, 7.55 बजे, 10.58 बजे दोपहर 12.11 बजे, शाम 4.05 बजे और 4.15 बजे महू के लिए चलेगी। महू से सुबह 9.45 बजे, 10.55 बजे, दोपहर 2 बजे, 3.05 बजे और शाम को 6 बजे इंदौर के लिए चलेगी। बसों का बीच में कोई स्टॉपेज नहीं दिया गया है। इसके लिए प्रति फेरी 40 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
सिटी बस चलने से डेली अप डाउन करने वाले यात्रियों को थोड़ी राहत मिली है। ट्रेन बंद होने से नौकरीपेशा, स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थी, व्यापारी व अन्य यात्रियों को उपनगरीय बसों में सफर करना पड़ रहा था। जिससे बसों में भी लोड बढ़ गया। इस स्थिति में बसें ओवरलोड करके चलाई जा रही थी, साथ ही आए दिन उपनगरीय बसों की तेज गति के कारण दुर्घटनाएं होती हैं। बस कंडक्टर यात्रियों से बदतमीजी भी करने लगते हैं। इसी बीच सिटी बस की सुविधा यात्रियों के लिए सुगम परिवहन माध्यम बनी हैं।