
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू। सिमरोल थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक को लूटने के बाद कुएं में फेंकने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले युवक को चलती बाइक से गिराया, उसके साथ मारपीट की और फिर घायल हालत में उसे कुएं में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार गिरिराज वैली निवासी संजय यादव रविवार देर रात बाइक से पीपल्यालोहार क्षेत्र से अपने घर लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में एक युवक ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन संजय बिना रुके आगे बढ़ गया। कुछ दूरी पर पीछे से आए दो बदमाशों ने चलती बाइक पर लट्ठ मार दिया, जिससे संजय सड़क पर गिर पड़ा।
इसके बाद आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया। वहीं, एक बदमाश उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। घायल संजय को आरोपियों ने पास स्थित एक कुएं में फेंक दिया और भाग निकले। हालांकि यह मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। घायल के साथ कुएं में उसकी बाइक भी मिली है।
घायल युवक ने बयान दिया कि रात में लूट व मारपीट करने के बाद बदमाश उसकी गाड़ी ले गए थे। सुबह बाइक भी कुएं में फेंककर चले गए। जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।