
नईदुनिया न्यूज, इंडोरामा। औद्योगिक नगरी पीथमपुर के सेक्टर-3 स्थित पीथमपुर रॉयल मार्केटिंग कंपनी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। प्लॉट क्रमांक 13-ए पर संचालित इस कंपनी में फिनाइल, झाड़ू, हार्पिक और फ्लोर क्लीनर सहित घरेलू सफाई में उपयोग होने वाले उत्पाद बनाए जाते हैं।
आग लगते ही कंपनी में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए सभी कर्मचारी तत्काल कंपनी से बाहर निकल गए। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
आग की सूचना मिलने पर दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। करीब पांच फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान आग की लपटें पीछे स्थित मित्तल कंपनी तक भी पहुंच गईं, जिससे वहां भी आग लग गई। इसके बाद दमकलकर्मियों ने दोनों कंपनियों में लगी आग को बुझाया।
आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना में दोनों कंपनियों को कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।