
पीथमपुर। राऊ -पीथमपुर बायपास रोड पर ग्राम सोनवाय के पास गुरुवार रात सड़क हादसे में एक युवक और महिला की मौत हो गई है। यह दोनों मोटरसाइकिल से अपने घर बडी धन्नड लौट रहे थे। इस दौरान तेज गति से आ रहे किसी लोडिंग वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों को गंभीर चोट आई जिन्हें तत्काल इंदौर एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान सुमन महेश उम्र 32 साल व विष्णु पिता बाबूलाल जाटव उम्र 42 वर्ष निवासी धन्नड की मौत हो गई। बताया जाता है कि विष्णु पीथमपुर नगरपालिका में मस्टर कर्मचारी था। वह इंदौर से अपने गांव लौट रहा था। रिश्तेदार महिला सुमन बाई को साथ बिठाकर ला रहा था। मृतक महिला के स्वजन ने बताया कि सुमन सब्जी खरीदने मंडी गई थी। इस दौरान उसने घर पहुंचने के लिए विष्णु से लिफ्ट ली थी। घटना किशनगंज थाना क्षेत्र की ह।ै किशनगंज पुलिस ने मर्ग कायम किया है ।
अनियंत्रित होकर ट्राला टायर दुकान में घुसा, एक की मौत, दो गंभीर
इंडोरामा। कुटी चौराहे पर गुरुवार आधी रात को एक ट्राला अनियंत्रित होकर एक टायर की दुकान में घुस गया, जिससे वहां मौजूद एक कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई, साथ में एक अन्य कर्मचारी घायल हो गया। हादसे में ट्राले का ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात को लगभग 10 बजे ट्राला क्रमांक ओडी 02 बीसी 2375 पीथमपुर की ओर जा रहा था, अचानक अनियंत्रित होकर एक टायर की दुकान में घुस गया। इस दौरान वहां पर कार्य करने वाले दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान इब्राहिम खान पिता मुस्तकिम उम्र 26 वर्ष निवासी उत्तर प्रदेश की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति शिव शंकर पिता उदयभान उम्र 25 वर्ष निवासी कुटी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से ट्राले को निकलवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस मामले में आरोपित ट्राला चालक के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।