_m.webp)
डिजिटल डेस्क, पातालपानी। चर्चित हेरिटेज ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को पातालपानी स्टेशन पर इन दिनों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब 8 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया होने के कारण विद्युत वितरण कंपनी ने स्टेशन का कनेक्शन काट दिया है। पिछले तीन दिनों से स्टेशन की बिजली सप्लाई बंद है और पूरा काम जनरेटर के सहारे चल रहा है।
हेरिटेज ट्रेन का संचालन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को होता है। शुक्रवार को ट्रेन का संचालन हुआ, लेकिन स्टेशन पर बिजली नहीं होने से यात्रियों को असुविधा हुई। वेटिंग रूम और वॉशरूम में अंधेरा छाया रहा। शाम और रात के समय स्थिति और मुश्किल हो जाती है। अंधेरे के कारण स्टेशन की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। डीजल और अन्य सामग्री की चोरी की आशंका भी बनी हुई है।
बिजली कनेक्शन कटने के कारण स्टेशन का अनाउंसमेंट सिस्टम पूरी तरह बंद है। शाम के समय हेरिटेज ट्रेन के डिब्बों में पानी भरने के लिए भी रेलवे को जनरेटर चलाना पड़ा। इससे स्टेशन की नियमित व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं।
विद्युत वितरण कंपनी के सहायक अभियंता जयेश शुक्ला ने बताया कि पातालपानी स्टेशन का करीब 8 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। जून में भी कनेक्शन काटा गया था। भुगतान नहीं होने पर नोटिस दिया गया और इसके बाद दोबारा बिजली कनेक्शन काट दिया गया।