
नईदुनिया प्रतिनिधि, पीथमपुर। पीथमपुर सेक्टर-3 स्थित इंडोरामा क्षेत्र की मित्तल कंपनी में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नाइट्रोजन गैस के रिसीवर टैंक का निचला हिस्सा फटने से जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज से फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहे तीन मजदूर घायल हो गए। स्थानीय कर्मचारियों और राहत दल ने तत्काल घायलों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सागौर कुटी स्थित श्रीनाथ हॉस्पिटल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि घायलों में दो की हालत नाजुक है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, फायर ब्रिगेड और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल फैक्ट्री में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
मित्तल कंपनी में मेटल के सिक्के बनाए जाते हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नाइट्रोजन गैस के रिसीवर टैंक के निचले हिस्से में विस्फोट हुआ। हालांकि टैंक फटने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ घटना की जांच कर रहे हैं।
ये तीन मजदूर घायल शिवम शर्मा (30), पिता मधुसूदन शर्मा, निवासी जाओरा कॉलोनी, सेक्टर-3, पीथमपुर। पुखराज पाटीदार (46), पिता बाबूलालजी पाटीदार, निवासी घाटा बिल्लोद। सतेंद्र राठौर (41), पिता शिवराज सिंह राठौर, निवासी भोजपुरी कॉलोनी, थाना बेटमा, जिला इंदौर। प्रशासन की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी।
यह भी पढ़ें- होटल में प्रेमिका की मौत के मामले में प्रेमी का सरेंडर, बोला- शराब के नशे में खुद लगाई थी फांसी