
नईदुनिया न्यूज, पीथमपुर। पीथमपुर के सेक्टर-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत महू-नीमच मार्ग पर दोपहर करीब 3.30 बजे महू-नीमच मार्ग से जा रहे कांवड़ यात्रियों को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। विजय हनुमान कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में महिला व पुरुष कांवड़ लेकर बोकनेश्वर महादेव मंदिर से इंडोरामा की ओर जा रहे थे। इस दौरान घटना महू-नीमच मार्ग पर अपेरल पार्क के सामने कार ने कांवड़ियों को पीछे से टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना में करीब महिला-पुरुष सहित 10 श्रद्धालु घायल हुए हैं। इनमें से 4 को इंदौर रेफर किया गया है।
घटना के बाद थोड़ी आगे जाकर कार रुक गई और चालक फरार हो गया। गुस्साए कांवड़ियों व स्थानीय लोगों ने आक्रोश में गाड़ी में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कार की आग बुझाई। वहीं घटना के बाद महू-नीमच मार्ग पर जाम लग गया।
यह भी पढ़ें- MP को नंबर-1 बनाने की तैयारी: रायसेन का जनकपुर बनेगा 'स्मार्ट विलेज', केंद्रीय संस्थानों ने सौंपा 2047 का खाका