महू। वन विभाग के अमले ने एक युवक के पास से विलुप्त हो रहे दो मुंह वाले सांप को पीथमपुर से जब्त किया। इसे रेड सेंड बोआ के नाम से जाना जाता है और इस प्रजाति का सांप अमूमन तांत्रिक क्रियाओं के लिए काम में आता है।
जानकारी की मानें तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत कई करोड़ रुपए तक हो सकती है। आसपास के इलाकों में पिछले एक महीने में रेड सेंड बोआ को दूसरी बार जब्त किया गया है। तांत्रिकों की मानें तो सिंहस्थ के दौरान तांत्रिक क्रिया के लिए इन सांपों के इस तरह के कई सौदे होते हैं।
बुधवार को वन विभाग के डिप्टी रेंजर पवन जोशी ने अपने साथियों की मदद से पीथमपुर निवासी विनोद पिता पूनमचंद कल्याणे को गिरफ्तार किया। इस सांप के सौदे की गुप्त सूचना रेंजर सरदार सिंह चौहान के पास पिछले दिनों आई थी। उन्होंने डिप्टी रेंजर जोशी को खरीदार बनकर इसका सौदा करने के लिए कहा था।
करीब तीन दिनों तक चली बातचीत के बाद सात लाख रुपए में सौदा तय हुआ और जोशी अपने कुछ साथियों के साथ पीथमपुर में डाक बंगले के पीछे वार्ड 13 में पहुंचे। यहां उन्होंने आरोपी विनोद से सांप दिखाने को कहा और सांप देखते ही साथियों के साथ आरोपी सहित सांप को कब्जे में ले लिया। जोशी ने बताया कि सांप का वजन करीब 6 किलोग्राम है।
दूसरे राज्यों से की गई तस्करी
जानकारी की मानें तो रेड सेंड बोआ नाम का यह सांप मध्यप्रदेश में नहीं बल्कि महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, गुजरात, दादर नगर हवेली और उत्तर पूर्व के कुछ मैदानी और दलदली इलाकों में पाया जाता है।ऐसे में माना जा रहा है कि इस सांप की तस्करी उन राज्यों से की गई हो। कुछ तांत्रिकों ने बताया कि सिंहस्थ के दौरान कई शुभ तिथियों में बहुत सी तांत्रिक क्रियाएं भी होंगी और इनमें इस तरह के जीवों का इस्तेमाल भी होता है।
होते हैं कई उपयोग
अमूमन इस सांप का घर में आना सौभाग्य की निशानी होती है। तंत्र-मंत्र की मान्यताओं के मुताबिक इस सांप को धन प्राप्ति क्रियाओं के लिए उपयोग किया जाता है और इसी कारण सांप की कीमत लाखों से करोड़ों रुपए तक होती है। वहीं कई चीनी दवाओं में भी रेड सेंड बोआ के उपयोग की बात कही जाती है। यह उपयोगी सांप पकड़ने वालों से लेकर कई तस्करों से होता हुआ अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचते-पहुंचते और महंगा होता जाता है।
कितना कीमती सेंड बोआ
बताया जाता है कि रेड सेंड बोआ जितना मोटा और वजनी होता है, वह उतना महंगा होता है। अमूमन 2-3 किलो तक बोआ करीब 3-5 करोड़ रुपए तक का हो सकता है। महू वन विभाग द्वारा पकड़ा गया रेड सेंड बोआ 6 किलोग्राम वजनी है ऐसे में ये कितना बेशकीमती है इसका अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं। हालांकि कीमत बढ़ाने के लिए इसे इंजेक्शन देकर और मोटा किया जा सकता है लेकिन वन विभाग के लोगों को आरोपी के पास से इस तरह के इंजेक्शन बरामद नहीं हुए हैं।
इनका कहना है
देखिए फिलहाल मेरे पास ज्यादा जानकारी नहीं है। आरोपी से पूछताछ जारी है और हमें दो और आरोपियों को खोजना है। इसके बाद ही बताया जा सकता है कि सांप कहां से लाया गया और इसके लिए आरोपियों की क्या योजना थी।
-सरदार सिंह चौहान, रेंजर महू