
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू। सिमरोल थाना क्षेत्र के लोधिया कुंड में सोमवार को घूमने पहुंचे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पानी में डूबने से चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई। हादसा अंजलि चौहान के पैर फिसलने के बाद हुआ। वह पानी में डूबने लगी तो उसे बचाने के लिए अजीत सिंह चौहान ने कुंड में छलांग लगा दी।
अंजलि को बचाने के प्रयास में अजीत भी गहरे पानी में चला गया। दोनों को डूबता देख स्वजनों ने मदद के लिए शोर मचाया। ग्रामीणों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री के अनुसार अजीत और अंजलि अपने स्वजनों के साथ लोधिया कुंड घूमने पहुंचे थे। कुंड के पास अंजलि का अचानक पैर फिसला और वह पानी में जा गिरी। उसे बचाने के लिए अजीत तत्काल पानी में उतरा, लेकिन पानी की अधिक गहराई के कारण वह भी संभल नहीं पाया। कुछ ही देर में दोनों पानी में डूब गए। हादसे के बाद स्वजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
यह भी पढ़ें- एमपी में घटिया निर्माण पर गिरी गाज, 7 जिलों में 35 निर्माण कार्यों की जांच में खुली पोल, 3 ठेकेदार ब्लैकलिस्ट
ग्रामीणों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सिमरोल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महू स्थित मध्यभारत अस्पताल भेजा। मृतकों की पहचान अजीत सिंह पिता भूपेंद्र चौहान (25) निवासी गोरी नगर, इंदौर और अंजलि चौहान पिता देवीसिंह चौहान (23) निवासी एमबी-59, वीणा नगर, सुखलिया, इंदौर के रूप में हुई है।
दोनों आपस में चचेरे भाई-बहन थे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि सोमवार शाम दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव उनके स्वजनों को सौंप दिए गए।