मुरैना हाईवे पर दुर्घटना के बाद लगा 10 KM लंबा जाम, दोनों लेन में फंसी हजारों गाड़ियां
दोपहर तक यातायात या संबंधित क्षेत्रों के पुलिसकर्मी नजर नहीं आए, इसलिए जाम के हालात विकराल हो गए।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 01:43:01 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 01:50:36 PM (IST)
नेशनल हाईवे 44 पर सुबह से जाम में फंसे बाहन। नईदुनियाHighLights
- कोहरे में टकराए पांच वाहन
- घिरौना से गंगापुर तक जाम
- दोपहर तक नदारद रही पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। तड़के छाई कोहरे की हल्की धुंध में तेज रफ्तार वाहन टकरा गए। इसके बाद नेशनल हाईवे 44 पर जाम लगना शुरू हुआ। दोपहर तक 10 किलोमीटर से लंबा जाम हो गया। आगरा-दिल्ली से मुरैना-ग्वालियर की ओर आने-जाने हजारों वाहन जाम में फंसे हैं। दोपहर तक यातायात या संबंधित क्षेत्रों के पुलिसकर्मी नजर नहीं आए, इसलिए जाम के हालात विकराल हो गए।
सुबह 5 बजे हाईवे किनारे खड़े डंपर में घुस गया ट्रक
मिली जानकारी अनुसार गुरुवार की सुबह पांच बजे के करीब देवरी गांव के पास हाईवे किनारे खड़े डंपर में तेज रफ्तार में आया ट्रक घुस गया। इसके बाद कोहरे की हल्की धुंध में एक-एक करके पांच वाहन टकरा गए। इसके कारण हाईवे की एक साइड पर आवागमन ठप हो गया। एक लेन बंद होने के कारण दोनों लेन के वाहन एक ही साइड से निकलने लगे, तो कुछ ही दूर में दूसरी लेन पर भी जाम लग गया।
काफी लंबा लगा है जाम
दोपहर 1 बजे तक हालात यह थे, कि मुरैना से सटे घिरौना हनुमान मंदिर से लेकर गंगापुर तक हाईवे की दोनों लेन पर वाहनों की कतार लगी थी। आगरा-दिल्ली से मुरैना-ग्वालियर की ओर आने-जाने वाले कंटेनर, ट्रकों से लेकर छोटी कार व अन्य सवारी वाहन करीब 10 किलोमीटर तक फंसे नजर आ रहे हैं।
जाम खुलवाने कोई नहीं पहुंचा
हालात यह हो गए, कि दो पहिया वाहन सवार, हाईवे से किनारे उतरकर, गांव के रास्तों से होकर निकल रहे हैं। सुबह से दोपहर तक जाम खुलवाने के लिए कोई भी पुलिसकर्मी या यातायातकर्मी नहीं पहुंचा। जबकि हाईवे का जो हिस्सा जाम से प्रभावित है, वह सरायछौला व सिविल लाइन थाने की जद में आता है।