मुरैना में कृष्णा गुर्जर हत्याकांड में 12 पर केस दर्ज, भतीजे की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
सोमवार की रात मैरिज गार्डन के बाहर कृष्णा को गोलियों से भून दिया गया था।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 11:19:25 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 11:23:45 AM (IST)
पीएम हाउस के बाहर धरने पर बैठे ग्रामीण।HighLights
- हरविलास पैलेस के बाहर हुई थी हत्या
- 9 नामजद और 3 अज्ञात पर मामला दर्ज
- भतीजे की रिपोर्ट पर पुलिस की कार्रवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। अंबाह बाईपास पर हरविलास पैलेस के सामने निमंत्रण खाकर जा रहे होलापुरा गांव के कृष्णा गुर्जर की गोलियों से भूनकर सोमवार की रात हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने 9 नामजद सहित कुल 12 आरोपियों पर मामला दर्ज किया है।
भतीजे की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने कृष्णा के भतीजे जोगेंद्र गुर्जर की फरियाद पर नायकपुरा के बंटी गुर्जर, कृष्णपाल उर्फ केपी गुर्जर जनकपुर के धीरज गुर्जर, भानू गुर्जर, श्यामवीर गुर्जर पुत्र राजाराम, जोगेंद्र गुर्जर, श्यामवीर गुर्जर पुत्र सुरेश निवासी बमरौली, बलवीर उर्फ बल्लो गुर्जर निवासी पिपरई, कल्ला गुर्जर निवासी बीच का पुरा अंबाह सहित तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि स्वजन व ग्रामीणों ने कृष्णा के शव का पोस्टमार्टम कराने से रोका और वे पोस्टमार्टम हाउस पर धरना देकर बैठ गए।
एक साल पहले एक युवक को बेल्टों से पीटा था
बताया जा रहा है कि एक साल पहले कृष्णा का जनकपुर के युवक से विवाद हुआ, इस विवाद में कृष्णा ने युवक की बेल्ट से मारपीट कर उसकी सार्वजनिक बेइज्जती कर दी थी। वहीं जिन लोगों पर संदेह जताया जा रहा है, उनमें से एक संदेही ने कृष्णा की हत्या के बाद इंस्टाग्राम पर एक स्टेटस डाला, जिसमें लिखा था कि यह जंग जारी रहेगी और पीछे से आवाज आ रही है शरीफ आदमियों की शराफत को झकझोरना कितना भारी पड़ता है।