मुरैना जिपं में बड़ा एक्शन, बिना काम लाखों हड़पने पर 7 सचिव सस्पेंड; 3 रोजगार सहायकों की सेवा समाप्त
जिला स्तर से हुई जांच में कई ग्राम पंचायतों में गंभीर वित्तीय अनियमितता सामने आई है।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 01:15:53 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 01:16:48 PM (IST)
जिला पंचायत कार्यालय।HighLights
- फर्जी फर्म व बिलों का खेल
- मनरेगा में फर्जीवाड़े पर कार्रवाई
- उपयंत्री का एक माह का वेतन राजसात
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। ग्रामीणों द्वारा की गईं शिकायतों के बाद जिला स्तर से हुई जांच में कई ग्राम पंचायतों में गंभीर वित्तीय अनियमितता सामने आई है। इसी पर जिपं सीईओ कमलेश कुमार भार्गव ने गुरुवार को एक उपयंत्री, सात पंचायत सचिव व आठ ग्राम पंचायत रोजगार सहायकों (जीआरएस) के खिलाफ कार्रवाई की है।
इतने लोगों पर गिरी गाज
सात सचिवों को निलंबित किया गया है। तीन ग्राम रोजगार सहायकों की संविदा सेवा समाप्त और पांच को शासकीय कार्य से विरत किया। जबकि उपयंत्री का एक महीने का वेतन राजसात किया गया है।
उपयंत्री का एक महीने का वेतन राजसात
जिला पंचायत सीईओ ने पोरसा जनपद के उपयंत्री हर्ष समाधिका का एक महीने का वेतन राजसात करने की कार्रवाई भी की है। जिपं सीईओ ने बताया कि महुआ ग्राम पंचायत में बनाए गए तालाब की जांच करवाई, जिसमें कई गंभीर लापरवाही मिलीं। शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया है, इसलिए उपयंत्री हर्ष समाधिया के एक माह के वेतन को राजसात किया जाएगा।
बेटे के नाम की फर्जी फर्म को भुगतान, सचिव निलंबित
पोरसा जनपद की कुरैठा ग्राम पंचायत के सचिव रणवीर सिंह तोमर को भी जिला पंचायत सीईओ ने निलंबित कर दिया है। सचिव रणवीर सिंह तोमर के खिलाफ शिकायत हुई थी, कि वह अपने बेटे के नाम से चल रही फर्म को ही पंचायत की राशि का भुगतान करवा रहे हैं।
जिपं सीईओ ने बताया कि कुरैठा पंचायत में बना एक रपटा निर्माण के तत्काल बाद क्षतिग्रस्त हो गया। इसकी जांच कराई तक यह तथ्य सामने आए कि पंचायत सचिव अपने बेटे के नाम से मां चिल्लासन इंटरप्राइजेज व कंस्ट्रक्शन नाम से फर्म चला रहा है, यह फर्म कागजों में चल रही थी, जिसे पंचायत के भुगतान हो रहे थे।
अपने बेटे के नाम की फर्जी फर्म को लाभ पहुंचाने के लिए फर्जी बिलों का भुगतान किया गया, इसीलिए सचिव को निलंबित किया गया है। वहीं एक अन्य शिकायत में सामने आया है, कि सचिव रणवीर सिंह तोमर ने कुरैठा के अलावा महुआ ग्राम पंचायत में सचिव रहते हुए इसी फर्म के नाम से फर्जी बिल-वाउचरों पर लाखों के भुगतान किए हैं। जिपं सीईओ ने कहा, कि इसकी भी जांच करवाई जाएगी।
इन सचिव-जीआरएस पर हुई कार्रवाई
- कैलारस जनपद की बदरेंटा ग्राम पंचायत के सचिव रामलखन धाकड़ को वित्तीय गड़बड़ियों के लिए निलंबित किया गया है। इसी पंचायत की रोजगार सहायक पिस्ता रावत को शासकीय कार्य से विरक्त किया गया है। रोजगार सहायक ने नाबालिगों को मजदूर बनाकर मनरेगा राशि निकाली।
- सबलगढ़ जनपद की राजा का तोर ग्राम पंचायत के सचिव धीरज सिंह कंसाना को अनविश्वास अभियान शिविरों के दौरान गैर हाजिर रहने पर निलंबित किया गया है।
- पोरसा जनपद की उसैथ ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक अनिल प्रताप सिंह तोमर को जाबकार्ड में फर्जी फोटो लगाकर मनरेगा में वित्तीय गड़बड़ी करने पर संविदा सेवा समाप्त की गई है।
- मटियापुरा पंचायत सचिव लालजीत सिंह तोमर की भी संविदा सेवा समाप्त की गई है, उक्त सचिव ने मनरेगा मजदूरी में घपला किया। महिला मजदूरों की जगह पुरुषों के फोटो लगाकर मस्टररोल बनाए।
- दोहरेटा के पंचायत सचिव राहुल सिंह तोमर की भी संविदा सेवा समाप्त की गई है। उक्त सचिव ने मस्टररोल में फर्जी मजदूरों के फोटो अपलोड किए, फर्जी मजदूरों की ई-केवायसी तक कर दी।भदावली ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक अवध प्रताप सिंह तोमर को शासकीय कार्य से विरक्त किया गया है, क्योंकि मनरेगा मस्टररोल में फर्जी मजदूरों के फोटो अपलोड किए।
- कैलारस जनपद की शहदपुर ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक विनोद कुमार को शासकीय कार्य से विरक्त किया गया है। उक्त जीआरएस ने टुंडाराम नाम के ग्रामीण की मौत के तीन साल बाद उसे मनरेगा मजदूर बता दिया, मृतक के नाम से भुगतान तक करा लिए।
गस्तौली पंचायत के पूर्व और वर्तमान में पहाड़गढ़ जनपद की नरहोली पंचायत सचिव नरेश सिंह सिकरवार को निर्माण कार्यों में वित्तीय गड़बड़ी करने पर निलंबित किया गया है
अंबाह जनपद की दोहरा ग्राम पंचायत के सचिव बनवारीलाल शर्मा ने सीसी व अन्य कई निर्माण काम करवाए बिना ही राशि निकाल ली। इसके अलावा मनरेगा मजदूरों की केवायसी नहीं करवाई, इन आरोपों में निलंबित किया गया है
बड़फरा के सचिव नरेश सिंह को निलंबित किया गया है, पंचायत के खाते से राशि निकालने के बाद भी काम नहीं करवाए गए।
बड़फरा के ही पूर्व व वर्तमान में सिहोनियां पंचायत के सचिव हरेंद्र सिंह तोमर को भी निलंबित किया गया है। उक्त सचि ने बड़फरा में रहने हुए बिना काम करवाए ही लाखों की राशि निकाल ली।
बड़फरा के रोजगार सहायक मुकेश ओझा को शासकीय कार्य से विरक्त किया गया है। जिन कामों को राशि निकाली वह काम धरातल पर नहीं मिले। इतना ही नहीं बिना स्वीकृति के लैपटेप, मोबाइल आदि सामग्री की खरीद की।
पहाड़गढ़ जनपद की धौंधा पंचायत के रोजगार सहायक रामअवतार सिंह को शासकीय कार्य से विरक्त किया गया है। उक्त रोजगार सहायक ने पांच साल पहले बने दो तालाबों के नाम से छह फर्जी बिल लगाकर अपलोड कर दिए। शिकायत होने पर यह बिल डिलीट कर दिए। इसके अलावा कई निर्माण काम पंचायत में नहीं, पर उनके नाम से बिल निकाल लिए।