मथुरा से 5 महीने का मासूम चोरी, मुरैना से प्रेमी संग पकड़ी गई महिला; 100 रुपये के UPI पेमेंट से खुली पोल
मथुरा रेलवे स्टेशन पर बच्चा चोरी की यह घटना सात सितंबर की है। पुलिस ने बच्चा चोर महिला व उसके प्रेमी को पकड़ा और मुरैना से मासूम बच्चे को भी सकुशल बरा...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 10:12:42 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 10:13:13 PM (IST)
आरोपी सीमा अपने प्रेमी संजीव के साथ। नईदुनियाHighLights
- संतान सुख की चाह में चुराया मासूम
- ऑनलाइन पेमेंट से पुलिस को मिला सुराग
- मुरैना से बच्चा बरामद, आरोपी गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मुरैना की एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश के मथुरा रेलवे स्टेशन से पांच महीने के बच्चे को चुरा लिया। बच्चा नहीं होने से निराश महिला आरोपित ने यह कदम उठाया। मथुरा पुलिस ने बच्चा चोर महिला व उसके प्रेमी को पकड़ा और मुरैना से मासूम बच्चे को भी सकुशल बरामद किया।
बच्चा चोरी की घटना 7 सितंबर की
मथुरा रेलवे स्टेशन पर बच्चा चोरी की यह घटना सात सितंबर की है। मथुरा के रिफाइनरी थाना प्रभारी प्रवीण तिवारी के अनुसार, उन्नाव जिले के असोहा थाना क्षेत्र के पाठकपुर निवासी 28 वर्षीय देवशंकर मिश्र जन्माष्टमी मनाने चार सितंबर को अपनी पत्नी गौरी मिश्रा, तीन वर्षीय बेटी प्रिया और पांच माह के बेटे सूर्या के साथ मथुरा आए थे। छह सितंबर तक मथुरा-वृंदावन के दर्शन के बाद जंक्शन रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया स्थित यात्री प्रतीक्षालय में ठहरे। यहां पर मुलाकात युवक-युवती से हुई।
मथुरा पुलिस ने दोनों आरोपी जेल भेजे
युवती ने खुद को पति-पत्नी बताया। परिचय के बाद सात सितंबर की सुबह पांच बजे देवशंकर के पांच माह के बेटे सूर्या को उठाकर दोनों भाग गए। आरपीएफ और हाईवे थाना पुलिस ने रास्तों के सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग देख दोनों की पहचान कर ली। इसके बाद सर्विलांस टीम के जरिए बच्चा चोर युवक युवती की लोकेशन के आधार पर टीमों ने दबिश दी।
शुक्रवार सुबह सात बजे पुलिस ने मुरैना के नूराबाद क्षेत्र के जरेरूआ निवासी संजीव और उसकी प्रेमिका सीमा निवासी बिशनपुर को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे को उन्नाव की दंपती को बच्चा सौंप दिया गया है। मथुरा पुलिस ने दोनों आरोपी जेल भेज दिए।
बच्चा न होने के विवाद पर छोड़ दिया था पति
बच्चा चोरी में पकड़ी गई सीमा ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2018 में हुई थी। बच्चेदानी में खराबी के कारण वह मां नहीं बन पाई। इसको लेकर पति से झगड़े होने लगे। तीन साल पहले पति को छोड़ वह संजीव के साथ आ गई। जन्माष्टमी पर शहर में उसने एक साधु को हस्तरेखाएं दिखाईं तो उसने कहा कि उसकी किस्मत में संतान सुख है। प्रतीक्षालय में बच्चे को देख उसके मन में लालच आ गया और उसे चोरी कर लिया।
आमलेट के ऑनलाइन भुगतान से मिला सुराग
बच्चा चोरी की जांच कर रही पुलिस को सीसीटीवी रिकार्डिंग से दंपती की तस्वीर मिल गई थी। सुराग खोजती हुई पुलिस बस स्टैंड पहुंची। यहां पर पता चला कि युवक ने एक ठेले से आमलेट लिया था। इसका सौ रुपये का भुगतान उसने यूपीआई से किया। यहीं से पुलिस को आरोपी संजीव के बारे में पूरी जानकारी मिल गई। टीमें रवाना हुईं और उसे धर दबोचा।