
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। खेत पर मिर्ची तोड़ने गई 55 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर सियार ने हमला कर दिया। सियार ने महिला की चेहरे पर हमला कर दांत गड़ा दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद एक किसान ने सियार से महिला को बचाया। घटना अंबाह ब्लाक के आमलीपुरा कसमढ़ा गांव की है। घायल महिला को अंबाह सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
महिला रोज की तरह खेतों की गई थी रखवाली के लिए
जानकारी के अनुसार 55 साल की मायादेवी पत्नी उदयवीर सखवार रोज की तरह रविवार की सुबह अपने खेतों की रखवाली के लिए गई थी। खेत के एक हिस्से में मिर्ची की फसल है। मायादेवी यहां से मिर्ची तोड़ने चली गई। इसी दौरान झाड़ियों से निकला सियार महिला के पास आया। अधेड़ महिला ने बचने के लिए भागने का प्रयास किया, इस दौरान वह खेत में गिर पड़ी। पीछे दौड़ रहे सियार ने महिला के चेहरे पर हमला किया। नाक में दांत गड़ा दिए।
महिला ने सियार से बचने का संघर्ष किया तो सियार ने उसके हाथों में भी काट लिया। आवाज सुनकर पास ही खेत में काम कर रहा एक किसान लाठी लेकर आया, जिसने सियार को भगाकर महिला को बचाया।
किसानों ने घटना की सूचना 112 पर दी, उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल मायादेवी को अंबाह सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है।
बताया गया है, कि यह सियार इससे पहले भी दो लोगों पर हमला कर चुका है। इस कारण खेतों में जाने वाले किसानों में दहशत हैं। महिला व बच्चों ने खेतों पर अकेले जाना बंद कर दिया है।