किराएदार ने पड़ोसी महिला को नकली हार थमाकर ठगी सोने की चेन, 1.25 तोला सोने की थी जंजीर
पुलिस ने फिलहाल आवेदन ले लिया है, लेकिन मुकदमा कायम नहीं किया।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 01:23:04 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 02:02:58 PM (IST)
ठग द्वारा दिए नकली हार को दिखाती मनोरमा और आरोपी देवेंद्र बघेल। नईदुनियाHighLights
- ससुराल जाने का बहाना बनाकर की ठगी
- सुनार से जांच कराने पर खुला सच
- पुलिस ने आवेदन लेकर शुरू की जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना (अंबाह)। मुरैना जिले के अंबाह कस्बा के लेन रोड क्षेत्र में मनोरमा पत्नी अशोक शर्मा नामक महिला से उसके पडोस में किराए से रहने वाले युवक ने 25 अक्टूबर को ठगी कर दी और मोहल्ला छोड़कर भाग गया। पीड़ित महिला ने धोखाधड़ी की शिकायत गुरुवार को अंबाह पुलिस से की है। पुलिस ने फिलहाल आवेदन ले लिया है, लेकिन मुकदमा कायम नहीं किया।
मेरे ससुराल में साले की हुआ है लड़का
जानकारी के अनुसार, लेन रोड पर रहने वाली मनोरमा 50 पत्नी अशोक शर्मा के पड़ोस में रहने वाले युवक जोगेंद्र उर्फ जोगा पुत्र रणवीर सिंह बघेल ने 25 अक्टूबर को सोने की चेन की ठगी कर दी। घटनाक्रम के मुताबिक, आरोपी जोगेंद्र बघेल अपने साथ एक हार लेकर दोपहर 12 बजे पड़ोस में रहने वाली महिला मनोरमा के पास पहुंचा और महिला को नानी संबोधित करते हुए बोला कि उसके साले के लड़का हुआ है। इसलिए वह ससुराल में जा रहा है। आप मेरा हार रख लो और मुझे पहनने के लिए सोने की जंजीर दे दो।
महिला के पति से सुनार से हार चैक कराया तो निकला नकली
सोने की जंजीर ले जाने के बाद आरोपर जोगेंद्र बघेल 28 अक्टूबर तक वापस किराए के कमरे पर नहीं लौटा। मनोरमा ने घटना वाले दिन पति अशोक शर्मा को बताया कि जो लड़का अपने यहां से दूध लेता है वह अपना हार रखकर मेरी जंजीर ले गया है। अशोक शर्मा ने 26 अक्टूबर को सुनार से हार चेक कराया तो वह नकली निकला।
ऐसे हुआ आरोपी ठग पर भरोसा
खुद को गोरमीवासी बताने वाला आरोपी जोगेंद्र बघेल लेन रोड मोहल्ला में मनोरमा शर्मा के पड़ोस में किराए के कमरे में रहता था और उससे दूध भी खरीदता था। इसलिए जोगेंद्र बोलचाल में महिला से नानी कहने लगा था। मोहल्ला के लोगों का भरोसा जीतने के लिए जोगेंद्र ने पड़ोस में रहने वाले राहुल शर्मा के यहां खेत में मजदूरी भी की।
ठग ने लोगों को बताया था कि बैंक में हूं गार्ड
लोगों ने पूछा कि वह क्या काम करता है तो जोगेंद्र ने बताया कि वह कब्रिस्तान के पास वाली बैंक में रात में गार्ड की नौकरी करता है। इससे मोहल्ला के लोगों को लगा कि जोगेंद्र कामधंधा करने वाला युवक है। गुरुवार को पीड़ित मनोरमा व अशोक शर्मा अंबाह थाने पहुंचे और ठगी की शिकायत पुलिस से की।
ठगी गई जंजीर सवा तौला बजनी सोने की बताई गई है। जिसकी कीमत पौने दो लाख रुपये है। आरोपी जोगेंद्र मोहल्ले के दो लोगों से क्रमश: नौ हजार व 16 हजार रुपये दूसरे कामों के नाम पर ठगकर ले गया है।