मुरैना के कोचिंग जोन में स्टंटबाजी का तांडव: छात्राओं को प्रभावित करने के चक्कर में बुजुर्ग और छात्र को कुचला, कार छीनने की कोशिश
एक्सीडेंट के बाद पुलिस की गाड़ी ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। बदमाशों का दुस्साहस ऐसा दिखा कि जयकारे लगाते हुए पुलिस के कब्जे से आर...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 17 Sep 2026 07:02:28 PM (IST)Updated Date: Thu, 17 Sep 2026 07:03:19 PM (IST)
अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग और क्षतिग्रस्त आरोपियों की कार। नईदुनियाHighLights
- स्टंट के दौरान अनियंत्रित कार ने मारी टक्कर
- पुलिस के कब्जे से कार छुड़ाने का दुस्साहस
- जीवाजीगंज में मवालियों की हरकतों से दहशत
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। शहर के कोचिंग जोन जीवाजीगंज में छात्राओं के सामने स्टंट कर रहे कार सवार युवक ने गुरुवार सुबह 8.45 बजे डिवाइडर पर बैठे 65 साल के बुजुर्ग को टक्कर मार दी। जिससे दोनों पैरों की हड्डी टूट गईं। इतना ही नहीं कार सवार युवकों ने कोचिंग जा रहे ग्यारहवीं के छात्र को भी टक्कर मार दी, जिससे उसके सिर व पैरों में चोट आई है।
एक्सीडेंट के बाद पुलिस की गाड़ी ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। युवकों का दुस्साहस ऐसा दिखा कि जयकारे लगाते हुए पुलिस के कब्जे से आरोपियों की कार को छुड़ाने का भरकस प्रयास किया।
कार एमपी07 एके 5119 आई तेज रफ्तार में
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह 8.45 बजे जीवाजीगंज में रामजानकी मंदिर के पीछे लगने वाले पोहा के ठेले पर छात्राएं पोहा का नाश्ता कर रही थीं। तभी एक कार एमपी07 एके 5119 में सवार कुछ युवक, नाश्ता कर रही छात्राओं को प्रभावित करने के लिए कार को तेज गति से स्टंट करते हुए डिवाइडर के पास लाए।
कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई जिससे वहां बैठे पल्लेदार अर्जुन 65 पुत्र प्रभुदयाल जाटव निवासी हांसई रोड मुरैना के पैरों में टक्कर मार दी। जिससे वृद्ध पल्लेदार के दोनों पैर फ्रेक्चर हो गए।
इतना नहीं वृद्ध को टक्कर मारने के बाद कार सवार बदमाशों ने आरएल शर्मा की मैथ्स कोचिंग पर जा रहे ग्यारहवीं के छात्र आशिक सोनी 17 पुत्र बहादुर सोनी को टक्कर मार दी जिससे छात्र के सिर समेत हाथ-पैरों में गंभीर चोट आई है।
कार को पुलिस के कब्जे छीनने का हुआ प्रयास
इस घटना के दौरान पुलिस लाइन की एक गाड़ी जीवाजीगंज पहुंची और उसने घायल वृद्ध व छात्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कुछ स्टाफ टक्कर मारने वाली कार को घेरकर खड़ा रहा तो कार सवार युवकों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुलाकर कार को पुलिस के कब्जे से छुडाने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी हल्ला करते हुए जयकारे लगा रहे थे। इस दशा में मौके पर मौजूद एक सिपाही ने कोतवाली को फोन कर कार को थाने ले जाने की बात कही तो कोतवाली से जवाब मिला कि अभी थाने में फोर्स नहीं है।
तब सिपाही के समक्ष संकट खड़ा हुआ कि बदमाश जयकारे लगा रहे हैं और बदमाश, कार छुड़ा ले गए तो अधिकारी उससे सवाल-जवाब करेंगे।मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कार को थाने ले आई।
पुलिस नहीं करती कोई कार्रवाई
- जीवाजीगंज व कोचिंग संचालन वाले एरिया लंबे समय से गुंडे व मवालियों की हरकतों का केंद्र बने हुए हैं।
- छात्राओं से अश्लील हरकत करने के फेर में आए दिन जीवाजीगंज में गैर छात्रों द्वारा खुली गुंडागर्दी की जा रही है। लेकिन शहर पुलिस इस पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।
- एक साल में गुंडों की मारपीट का शिकार 20 से अधिक छात्र हुए हैं।
- कई मामलों में एफआईआर भी हुई, लेकिन असामाजिक तत्वों की जीवाजीगंज में सक्रियता वहां के रहवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।