मुरैना में खुद को क्राइम ब्रांच का बताकर युवक को किया किडनैप, बंधक बनाकर पीटा; 40 हजार रुपये छीने
मंगलवार को एसपी ऑफिस में हुई जनसुनवाई में यह शिकायत माता बसैया थाना क्षेत्र के जींगनी गांव निवासी हेमराज पुत्र सियाराम गौड़ लेकर पहुंचा था।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 02:29:08 PM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 02:39:42 PM (IST)
HighLights
- एसपी ऑफिस की जनसुनवाई में पहुंचा पीड़ित युवक
- फोन-पे और नगद के जरिए वसूले हजारों रुपये
- पुलिस ने मामले की जांच और कार्रवाई शुरू की
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। साहब...! क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मी बनकर पांच बदमाशों ने मेरा किडनैप कर लिया। दिनभर गाड़ी में बंधक बनाकर घुमाया, मारपीट करते रहे। इस दौरान मुझसे 40 हजार रुपये ले लिए और धमकी देकर छोड़ा है, कि एक दिन में 60 हजार और दे जाना, नहीं तो फिर घर से उठा लेंगे। मंगलवार को एसपी ऑफिस में हुई जनसुनवाई में यह शिकायत माता बसैया थाना क्षेत्र के जींगनी गांव निवासी हेमराज पुत्र सियाराम गौड़ लेकर पहुंचा।
एएसपी को पीड़ित हेमराज ने बताया-मैं दिल्ली में चलाता हूं टैक्सी
जनसुनवाई कर रहे एएसपी सुरेंद्रपाल सिंह डाबर को आवेदन देते हुए हेमराज ने बताया कि वह दिल्ली में टैक्सी चलाता है। त्योहारों के चलते कुछ दिन पहले ही गांव जींगनी आया है। रविवार की सुबह वह निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास था, तभी काले रंग की बिना नंबर की स्विफ्ट कार से पांच लोग आए।
इन्होंने खुद पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम बताया। इन बदमाशों ने इसे दिनभर कार में बंद करके रखा और मारपीट की। इस दौरान शहर के बाहरी क्षेत्र की सड़कों पर घुमाते रहे।
हेमराज के अनुसार बदमाशों में से एक सूरज यादव ने उसके फोन-पे से 1300 रुपये अपने खाते में डाले, 20 हजार रुपये शिवा पंडित नाम के युवक ने अपने खाते में डाले। 4000 रुपये जेब में नकदी थी, वह सूरज यादव ने निकाल लिए।
पीड़ित के मोबाइल में थे प्रेमिका के फोटो वो ले लिए बदमाशों ने
इसके बाद और रुपये मांगे तो मुरैना में पीएचई ठेकेदार राधेश्याम पंडित के यहां से 10 हजार रुपये दिलवाए। यह रुपये लेने भी शिवा पंडित और आकाश यादव गए थे। पीड़ित के अनुसार उसके फोन में उसकी प्रेमिका के साथ फोटो थे, जिसे आरोपियों ने ले लिए। इसके अलावा उसकी जेब में गांजा रखकर उसका फोटो-वीडियो बना लिया और धमकी दी कि अब गांजे के केस में तुझे जेल भेजेंगे।
हेमराज ने बताया, कि शाम के समय सभी आरोपितों ने शिकारपुर फाटक के पास शराब पी, उस समय उसे कार की डिग्गी में बंद कर दिया, बाद में धमकी देकर छोड़ा कि मंगलवार को 60 हजार और देना, नहीं तो फिर घर से उठा लेंगे।
एएसपी को बताया पहले दोस्त थे, थाना प्रभारी बोले थाने आ नहीं रहे
नकली क्राइम ब्रांच का नाम सुनकर एएसपी डाबर भी हैरान रह गए। पूछताछ की तो हेमराज ने शिवा और सूरज यादव को अपने गांव का ही और पुराना दोस्त बता दिया। इसके बाद जब एएसपी ने बसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर से बात की तो, थाना प्रभारी ने बताया कि इन लोगों को सुबह से बुलाया जा रहा, पर थाने नहीं आ रहे, कभी दूध लेने तो कभी चारा लेने जाने का बहाना बता रहे थे, अब सीधे जनसुनवाई पहुंच गए।
पीड़ित युवक ने दो दिन पहले पिया था गांजा
थाना प्रभारी के अनुसार हेमराज ने दो दिन पहले पुलिया पर बैठकर साथ शिवा व सूरज के साथ गांजा पिया था। पीने के लिए किसी चंदा शिवहरे के यहां से गांजा खरीदकर लाए थे। उसके बाद नौबत यहां तक कैसे पहुंची, तीन अन्य लोग कौन हैं? इसकी छानबीन की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि रुपयों के फोन पे से लेने के प्रमाण हैं और जिस तरह गाड़ी में ले जाकर मारपीट की है, उसका केस दर्ज किया जाएगा।