मुरैना में बाइक टकराने पर विवाद में सिर में ईंट मारकर युवक की हत्या
यह घटना वीआईपी रोड के पास हुई, जिसे लेकर शनिवार को मृतक के स्वजन व ग्रामीणों ने एसपी ऑफिस में धरना दिया।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 01:18:08 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 01:18:49 PM (IST)
एसपी आफिस परिसर में धरना देकर बैठे लोग। नईदुनियाHighLights
- बाइक टकराने के विवाद में सिर पर मारी ईंट
- ग्वालियर में इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
- एसपी के आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। सड़क पर पीछे से तेज रफ्तार में आई बाइक ने टक्कर मार दी। इसी बात पर ऐसा विवाद हुआ, कि तीन ने मिलकर एक युवक की मारपीट कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि एक आरोपित ने ईंट उठाकर सिर में मार दी, घायल हुए युवक ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
यह घटना वीआईपी रोड के पास हुई, जिसे लेकर शनिवार को मृतक के स्वजन व ग्रामीणों ने एसपी ऑफिस में धरना दिया। एसपी को ज्ञापन देकर हत्या का केस दर्ज करने व आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
लहराती हुई बाइक ने प्रदीप की बाइक को मारी टक्कर
वार्ड 35 सबजीत का पुरा निवासी प्रदीप जाटव 26 नवंबर की शाम 6 बजे अपने चाचा के बेटे आकाश के साथ श्यामबिहार कालोनी, वीआइपी रोड होते हुए बैरियर चौराहा जा रहा था। बाइक सवार चचेरे भाई जब वीआइपी रोड स्थित प्रेम प्रकाश प्लाजा के पास पहुंच, तभी पीछे से तीन बाइक सवार शराब के नशे में आए। लहराती हुई बाइक ने प्रदीप की बाइक को टक्कर मार दी, जिस पर प्रदीप व चचेरे भाई आकाश ने टक्कर मारने वालों को टोका और देखकर बाइक चलाने की बात कह दी। इसी पर तीनों बाइक सवार गालीगलौज करते हुए धमकाने लगे। मुंहवाद इतना बढ़ा, कि तीनों आरोपियों ने प्रदीप व आकाश को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान एक युवक ने सड़क पर पड़ी ईंट उठाकर प्रदीप के सिर में मार दी, जिससे प्रदीप के सिर में चोट आ गई, खून बहने लगा। आरोपी वहां से भाग गए। मारपीट यह घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घायल प्रदीप को जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर के हास्पिटल में उपचार के दौरान शुक्रवार शाम 5 बजे प्रदीप ने दम तोड़ दिया।
एसपी को शिकायत सुनाने डेढ़ घंटे दिया धरना
शनिवार की दोपहर 1 बजे के करीब 200 से अधिक लोग एसपी आफिस में पहुंचे। एसपी धर्मराज मीना से मुलाकात नहीं हुई तो यह भीड़ एसपी आफिस के सामने मैदान में धरना देकर बैठ गई। इस दौरान सीएसपी, कोतवाली टीआइ पहुंचे, लेकिन मृतक के स्वजन एसपी को अपनी गुहार सुनाने की मांग पर अड़े रहे।
करीब डेढ़ घंटे तक धरना चला
पुलिस अफसरों ने एएसपी को आवेदन लेने बुलाने की बात कही, तो प्रदर्शनकारियों ने कह दिया कि वह सिर्फ एसपी को अपनी समस्या सुनाएंगे। करीब डेढ़ घंटे तक धरना चला, उसके बाद एसपी धर्मराज मीना ने जनसुवाई हाल में पीड़ित परिवार, मृतक के साथ घटना के समय मौजूद चचेरे भाई आकाश से बात की, उसके बाद एफआइआर व आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिया, तब यह धरना खत्म हुआ। धरना प्रदर्शन में बसपा जिलाध्यक्ष दीपेंद्र बौद्ध, भीम आर्मी के रणवीर जाटव, मनोज सैमिल, बसपा नेता सोनू सिकरवार आदि मौजूद रहे।