मुरैना में गोली मारकर युवक की हत्या, पुरानी रंजिश और 40 राउंड फायरिंग से दहशत
घटना के पीछे एक साल से चल रही रंजिश बताई जा रही है।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 08:10:16 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 08:14:33 AM (IST)
जिला अस्पताल में कृष्णा का शव और विलाप करते स्वजन। नईदुनियाHighLights
- सिगरेट के बहाने बाहर बुलाकर घेरा
- अस्पताल में हंगामा, पीएम हाउस रोका
- एक साल पुरानी रंजिश और इंस्टाग्राम स्टेटस
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। रिश्तेदार के लगुन-फलदान कार्यक्रम में आए युवक को मैरिज गार्डन के बाहर बुलाया और घेरकर गोलियों से भून दिया। पांच गोलियां लगने के कारण मौके पर ही युवक की मौत हो गई। सोमवार देर रात घटना मुरैना शहर के अंबाह बाइपास पर हुई। घटना के पीछे एक साल से चल रही रंजिश बताई जा रही है।
कृष्णा को एक परिचित सिगरेट पीने के बहाने गार्डन से ले आया
अंबाह बाइपास स्थित हरिविलास गार्डन में मसूदपुर गांव निवासी हरीराम कंसाना के बेटे का लगुन-फलदान कार्यक्रम में सरायछौला थाना क्षेत्र के होलापुरा गांव निवासी 35 वर्षीय कृष्णा पुत्र सुल्तान सिंह गुर्जर आया था। रात 10 बजे के करीब कृष्णा को एक परिचित सिगरेट पीने के बहाने मैरिज गार्डन से बाहर ले आया। इसी दौरान गार्डन के बाहर रखी गाड़ियों के पीछे लोडेड रायफल लेकर घात लगाकर बैठे पांच-छह लोगों ने कृष्णा पर फायरिंग कर दी।
बचने के लिए कृष्णा गाड़ियों के पीछे भागा...
बचने के लिए कृष्णा गाड़ियों के पीछे भागा लेकिन वहां भी आरोपी फायरिंग करने लगे। कृष्णा के चचेरे भाई भूरा गुर्जर, आफिसर गुर्जर व एक अन्य आए। इनके पास एक रायफल थी, जिससे जवाबी फायर किए, लेकिन दूसरी तरफ से पांच-छह बंदूकों से ताबड़तोड़ फायर हो रहे थे। कृष्णा सड़क पार कर, दूसरी ओर एक घर में छिपने के लिए भागा। आरोपियों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग की। एक गोली कृष्णा के सिर में जा धंसी और वह वहीं गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो आरोपियों ने जमीन पर गिरे कृष्णा के सिर, सीने व पेट में कई गोलियां मारी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो 40 से अधिक गोलियों की आवाज से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
शव पीएम हाउस ले जाने से रोका
कृष्णा का शव रात साढ़े 10 बजे जिला अस्पताल लाया गया। यहां सैकडों लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने कृष्णा के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाना चाहा, लेकिन स्वजन व रिश्तेदारों ने रोक लिया और हत्या करने वालों को तत्काल पकड़ने की मांग करने लगे। कृषि मंत्री के पुत्र बंकू कंसाना भी अस्पताल पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक केस दर्ज नहीं हुआ। सीएसपी कविंद्र चौहान ने बताया कि स्वजन व प्रत्यक्षदर्शी जो शिकायत करेंगे, जिनके नाम बताएंगे उस हिसाब से केस दर्ज किया जाएगा।
एक साल पहले एक युवक को बेल्टों से पीटा था
- एक साल पहले कृष्णा का जनकपुर के युवक से विवाद हुआ, इस विवाद में कृष्णा ने युवक की बेल्ट से मारपीट कर उसकी सार्वजनिक बेइज्जती कर दी थी।
- जिन लोगों पर संदेह जताया जा रहा है, उनमें से एक संदेही ने कृष्णा की हत्या के बाद इंस्टाग्राम पर एक स्टेटस डाला।
- स्टेटस में लिखा था कि यह जंग जारी रहेगी और पीछे से आवाज आ रही है शरीफ आदमियों की शराफत को झकझोरना कितना भारी पड़ता है।