मुरैना दौरे पर सीएम मोहन यादव, छात्रों से लेकर जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से करेंगे चर्चा
मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना, मुरैना के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा भी मुरैना दौरे पर आ रहे हैं।
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 08:06:39 PM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 08:07:17 PM (IST)
छात्राओं से संवाद करते सीएम मोहन यादव (फाइल फोटो)।HighLights
- उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचकर छात्रों से करेंगे संवाद
- जिला सलाहकार समिति की बैठक में लेंगे हिस्सा
- सीएम संवाद कार्यक्रम में आमजन की सुनेंगे समस्याएं
नईदुनिया न्यूज, मुरैना। लगातार दो बार से स्थगित हो रहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मुरैना दौरा अंतत: तय हुआ। वह 16 अक्टूबर, शुक्रवार को मुरैना आ रहे हैं और पूरा दिन जिला मुख्यालय पर रहेंगे। इस दौरान वह स्कूल जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे, इसके बाद अफसर, जनप्रतिनिधि और आमजन से भी संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना, मुरैना के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा भी मुरैना दौरे पर आ रहे हैं।
सीएम का हेलिकॉप्टर पांचवी बटालियन स्थित हेलीपैड पर उतरेगा
मुख्यमंत्री कार्यालय से गुरुवार शाम को जिला प्रशासन को मिले दौरा कार्यक्रम के तहत दोपहर 1:30 बजे मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर पांचवी बटालियन स्थित हेलीपैड पर उतरेगा। सबसे पहले वह दोपहर 1: 40 बजे उत्कृष्ट स्कूल में पहुंचेंगे यहां, स्कूल की व्यवस्थाएं देखेंगे, छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे, फिर जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण करेंगे। यहां दोपहर 2:15 से 2:35 तक मुख्यमंत्री रहेंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। यहां 3:25 बजे से उदयम संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह आयोजन कलेक्ट्रेट के एनआइसी कक्ष में होगा।
जिला सलाहकार समिति की बैठक भी लेंगे
इसके बाद अपरान्ह 4:05 बजे से जिला सलाहकार समिति की बैठक लेंगे, जिसमें जिले के विकास कार्यों से लेकर लंबित कामों पर चर्चा करेंगे। एनआईसी कक्ष में 4:25 बजे से यशस्वी संवाद और फिर कलेक्टोरेट सभागार में 4:45 बजे से सीएम संवाद कार्यक्रम होगा, जिसमें जिलेभर से आए लोगों से संवाद कर जमीनी हकीकत को जानेंगे। शाम 5:15 बजे हेलिकॉप्टर से भोपाल रवाना होंगे।