नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मुरैना कांग्रेस ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने प्रेसवार्ता बुलाकर कहा, कि मुरैना में अपराध बेलगाम हैं। थाने ठेके पर चल रहे हैं, बिना रिश्वत के एफआईआर दर्ज नहीं हो रहीं। पुलिस संरक्षण में जुए के फड़ और अवैध शराब का करोबार फलफूल रहा है।
इन आरोपों के साथ ही कांग्रेस ने शुक्रवार को देवगढ़ थाने का घेराव करने का ऐलान करते हुए कहा, कि अगर हालात नहीं सुधरे को वह मुख्यमंत्री का घेराव भी करेंगे। कल 26 सितंबर को मुख्यमंत्री का मुरैना दौरा प्रस्तावित है।
आत्मरक्षा के लिए हवाई फायर करने वालों पर हो रहे हैं केस दर्ज
पत्रकारों से चर्चा करते हुए विधायक दिनेश गुर्जर ने कहा, कि जिलेभर में फायरिंग की घटनाएं बढ़ रही हैं, बदमाश किसी के घर पर भी गोलियां चला जाते हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई हो नहीं रही, और आत्मरक्षा के लिए हवाई फायर करने वालों पर पुलिस हत्या के प्रयास के केस लगा रही है।
पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह नीटू सिकरवार ने कहा, कि जिले में चरस, गांजा, अफीम तक का अवैध कारोबार बढ़ रहा है।
कुछ समय पहले गांजे से भरा ट्रक पकड़ा गया, वह किसका था, उन लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। शहर से लेकर गांव-गांव में अवैध शराब बिक रही है।
छैरा जैसी घटना हो सकती है फिर
कुछ साल पहले जहरीली शराब से छैरा में 24 की मौत हुई, ऐसी घटना मुरैना में फिर हो सकती है। नीटू सिकरवार ने कहा कि लूट, चोरी होने पर पुलिस खुश होती है, वह आरोपियों से तो वूसली करते ही हैं, जो चोरी का माल खरीदते हैं, उनसे भी मोटी वसूली की प्रथा मुरैना पुलिस में चल रही है।
कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष मधुराज सिंह तोमर ने कहा, कि जब से एसपी धर्मराज मीना मुरैना में आए हैं, अपराध बढ़ गया है। पुलिस थानों से लेकर बड़े अधिकारियों के कार्यालयों तक में सुनवाई नहीं हो रही। शहर जिलाध्यक्ष गजेंद्र जाटव ने कहा कि शुक्रवार को देवगढ़ थाने का घेराव कर रहे हैं, आगे सभी थानों का घेराव किया जाएगा।
मंत्री के परिवार में हुई चोरी, उसका भी खुलासा नहीं
पत्रकारवार्ता में सवाल उठा, कि पुलिस व्यवस्था के खिलाफ देवगढ़ थाने का ही घेराव क्यों, इस पर कांग्रेस नेताओं ने तर्क दिया यह प्रतीकात्मक है और देवगढ़ केंद्र में हैं। सुमावली के पूर्व विधायक सत्यपाल नीटू सिकरवार ने कहा, कि कुछ दिन पहले देवगढ़ क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की हत्या कर गहने लूट ले गए, लेकिन उसका खुलासा नहीं हुआ। नायकपुरा कृषि मंत्री का गावं है और बीते सप्ताह कृषि मंत्री के परिवार के ही दो लोगों के घर में लाखों रुपये की चोरी हुई, उसमें भी पुलिस खाली हाथ है।
बागचीनी में लाखों की चोरी का कोई सुराग नहीं
बागचीनी में दो व्यापारियों के घर से 40 लाख की चोरी का कोई सुराग नहीं। ऐसे तमाम मामले हैं। मवेशी चोरी की घटनाओं की तो गिनती ही नहीं, जिनकी एफआइआर तक थानों में नहीं हो रही। पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेता जसवीर गुर्जर, रामलखन डंडौतिया, दीपक शर्मा, विनीत कंसाना, हरीश पाठक आदि कांग्रेस पदाधिकारी भी शामिल रहे।