
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मुरैना जिले में एक आरक्षक ने अपने ही चाचा को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि आरक्षक अपने पिता को गालियां दे रहा था। जब चाचा ने उसे टोका और फटकार लगाई तो उसने तमंचा निकालकर चाचा पर फायर कर दिया। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपने पिता से करने लगा झगड़ा
जानकारी के अनुसार मुरैना में एसएएफ की पांचवीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक रवि गुर्जर गुरुवार को अपने गांव पहावली आया था। यहां चाचा और ताऊ के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद की बात पर वह अपने पिता गंभीर गुर्जर से झगड़ने लगा।
विवाद बढ़ने पर आरक्षक अपने पिता को गालियां देने लगा। इसी दौरान उसके चाचा राजू गुर्जर वहां पहुंचे और रवि को फटकारते हुए कहा कि उसे पढ़ा-लिखाकर नौकरी इसलिए नहीं दिलाई गई कि वह अपने पिता और बड़ों को गाली दे।
तमंचा निकालकर चाचा पर फायर
चाचा की बात सुनकर रवि गुर्जर गुस्से में आ गया और उसने तमंचा निकालकर चाचा पर फायर कर दिया। गोली राजू गुर्जर के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आरोपी आरक्षक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि उसने फेसबुक पर एक वीडियो जारी कर गोली मारने का आरोप अपने परिवार के ही बाबा के बेटे पर लगाया और चाचा पर भी आरोप लगाए हैं।
आरोपी की तलाश की जा रही
सुमावली थाना पुलिस ने मामले में आरक्षक के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- MP में जमीन विवादों पर नई व्यवस्था: संपदा पोर्टल से ऑनलाइन दर्ज होगी शिकायत, रजिस्ट्री से पहले दिखेगी आपत्ति