
मुरैना। कलुआ पुरा में फैले अज्ञात बुखार से शुक्रवार को एक महिला की मौत हो गई। अभी तक गांव में बुखार की वजह से यह दूसरी मौत है। इससे पहले 22 अक्टूबर को भी एक महिला की मौत हो चुकी है। उल्लेखनीय है कि पहाड़गढ़ जनपद के कलुआपुरा में अज्ञात बुखार फैला हुआ है और तकरीबन तीन सैकड़ा लोग बीमार हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में जाती है और औपरिकतौर पर इलाज कर लौट आती है। हालांकि महिला की मौत को लेकर अभी तक स्वास्थ्य विभाग कुछ नहीं कह रहा हैं।
जानकारी के मुताबिक पिछले दस दिन से कलुआ पुरा में अज्ञात बुखार फैला है। बताया जाता है बुखार से ही गांव की ही 35 वर्षीय बत्तोला पत्नी सोनेराम पीड़ित थी। बुखार की वजह से बत्तोला की शुक्रवार को मौत हो गई। इससे पहले 22 अक्टूबर को भी55 वर्षीय प्रेमा पत्नी रामप्रसाद की मौत हो चुकी है। अभी भी गांव में कई लोगों की बुखार से हालत गंभीर है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में हर घर में चार से पांच सदस्य बुखार की चपेट में हैं। कई लोग कैलारस, मुरैना व ग्वालियर में इलाज करा रहे हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग बीमार ग्रामीणों का इलाज करने में कोताही बरत रहा है। विभाग की टीम गांव में इलाज के लिए जाती जरूर है और दो दवाएं देकर लौट आती है। ये दवाएं मरीजों पर असर नहीं कर रही है।