
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। उम्मेदगढ़ बासी के किसान फूलसिंह पुत्र मावसिया जाटव के साथ गांव के दबंगों ने अमानवीय व्यवहार किया। किसान को ट्रैक्टर से बांधकर घुमाया गया और चार अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर डंडों से जमकर पीटा गया। घायल अवस्था में बागचीनी थाने पहुंचे पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामला रजिस्ट्री से अधिक जमीन जोतने से जुड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, उम्मेदगढ़ बासी निवासी 50 वर्षीय किसान फूलसिंह जाटव शुक्रवार दोपहर 3.30 बजे बटाई वाले सरसों के खेत में खाद डालने के लिए ट्रैक्टर से जा रहा था। खेत के पास मौजूद भूकन शर्मा और उसके बेटों ने उसका रास्ता रोककर उसे ट्रैक्टर से नीचे खींच लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपितों ने कहा कि खेत के विवाद को एक साल से क्यों नहीं निपटा रहा है।
फूलसिंह ने बताया कि उसकी बहन भूरी, गीता और शुक्ला ने अपने हिस्से की एक बीघा 7 विस्वा जमीन की रजिस्ट्री दो साल पहले भूकन शर्मा को की थी, लेकिन वह पौने दो बीघा जमीन जोत रहा है। खरीफ सीजन में 12 विस्वा और दो विस्वा जमीन में खड़ी धान और गेहूं की फसल को जबरन काट ले गए। इस पर फूलसिंह ने सवाल किया कि हम क्या खाएंगे। जवाब सुनकर तमतमाए भूकन शर्मा ने बेटों निक्की शर्मा, बंटी शर्मा, गौरव शर्मा और मनीष शर्मा के साथ मिलकर किसान के दोनों हाथ साफी से बंधवाए और रस्से से ट्रैक्टर से बांध दिया।
आरोपित पहले किसान को चौकी पर ले गए और वहां डंडों से पीटा। इसके बाद ट्रैक्टर पर बांधकर मुरैना में मैदा फैक्टरी के पीछे ले जाकर मारपीट की। फिर उसे जौरी स्थित अपने घर ले जाकर भी पीटा। बैरियर बस स्टैंड के पास ले जाने के बाद किसान ने पानी मांगा तो वहां भी पीटा और पानी पिलाकर बैरियर चौराहा क्षेत्र में छोड़ दिया। बागचीनी पुलिस ने घायल किसान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।