
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। पोरसा कस्बे में गर्भवती नव विवाहित महिला की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। पति व ससुरालपक्ष के लोग इसे खुदकुशी बता रहे हैं, वहीं मायके पक्ष ने इसे हत्या बताया है। महिला ने मौत से कुछ देर पहले अपनी मां को मोबाइल पर काल किया और बस रोए जा रही थी। पुलिस ने मर्ग का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोरसा के जौटई रोड निवासी 24 वर्षीय रानी पत्नी अभिषेक पचौरी के शव को पति व स्वजन रविवार की आधी रात में पोरसा अस्पताल लेकर पहुंचे और बताया कि रानी ने फांसी लगा ली। डॉक्टरों ने चेकअप के बाद रानी को मृत घोषित कर दिया। रानी को दो माह की गर्भवती बताया गया है। मृतक महिला का मायका भिंड जिले की अटेर तहसील के गढ़ कनेरा गांव में है, उसकी मौत की खबर मिलते ही स्वजन भी रात में ही पोरसा पहुंच गए।
मृतक के भाई अमन पचौरी ने आरोप लगाए, कि उसकी बहन को फांसी के फंदे पर लटकाकर हत्या की गई है। अमन ने बताया कि रविवार की शाम को रानी ने अपनी मां सुनीता को फोन किया था, इस दौरान फोन पर वह रोती रही, कुछ नहीं बोली। इसके कुछ देर बाद ससुरालीजनों ने सूचना दी कि रानी को हार्ट अटैक आ गया है। हम रात में ही पोरसा आए तो पता लगा, कि फांसी लगने से रानी की मौत हुई है।
यह भी पढ़ें- सरकारी आवास में आरक्षक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मौके से सुसाइड नोट बरामद, मंडला में पुलिस महकमे में हड़कंप
मृतक के भाई ने बताया कि दो दिन पहले उसकी बहन रानी से बात हुई थी, तब वह कह रही थी 17 मई को शादी की पहली सालगिरह मनी, उसके बाद से पति व ससुरालीजन उसे बात-बात पर बेइज्जत करने लगे हैं। बार-बार के अपमान से वह टूट चुकी है। रानी व अभिषेक की शादी 17 मई 2025 को हुई थी।