मुरैना में भैंस बांधने पर खूनी विवाद, युवक पर कुल्हाड़ी और महिला को मारी गोली
गंभीर घायल सतीश सिकरवार व कमला को उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 10:54:14 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 10:54:50 AM (IST)
घायल महिला को अस्पताल ले जाते लोगHighLights
- मिट्टी डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद
- कुल्हाड़ी और लाठी के बाद चलाई गोली
- घायल ग्वालियर रेफर, हत्या के प्रयास का केस
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। गुर्जा गांव में भैंस बांधने की जगह के स्वामित्व को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। रामबरन सिकरवार के तीन लड़कों ने मिलकर कुल्हाड़ी व लाठियों से फरियादी मुन्ना सिकरवार, उनकी पत्नी कमला व बेटे सतीश पर जान लेवा हमला कर दिया। गंभीर घायल सतीश सिकरवार व कमला को उपचार के लिए जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है।
मुंहवाद से शुरू हुए विवाद में लाठी-कुल्हाड़ी निकल आईं
जानकारी के मुताबिक, गुर्जा गांव में रहने वाले मुन्ना सिंह सिकरवार पुत्र दुर्जन सिंह सिकरवार के घर के बाहर भैंस बांधने की जगह है। रविवार सुबह 8.30 बजे मुन्ना सिंह के भाई रामबरन सिकरवार के आरोपी लड़के राधे सिकरवार, नीरज सिकरवार व पवन सिकरवार कुल्हाड़ी, लाठी लेकर दरवाजे पर बैठे फरियादी मुन्ना सिंह के पास आए और मिट्टी डालने लगे। फरियादी मुन्ना सिंह को राधे सिकरवार, नीरज सिकरवार व पवन सिकरवार से भैंस बांधने का लेकर मुंहवाद शुरू हुआ। इस विवाद में लाठी-कुल्हाड़ी निकल आईं।
अरोपी पवन ने कुल्हाड़ी से सतीश का फाड़ दिया सर
आरोपी पवन सिकरवार ने कुल्हाड़ी से मुन्ना सिंह के लड़के सतीश के सिर पर प्रहार किया जिससे उसका सिर फट गया। राधे ने मुन्ना सिंह व उसके नाती कान्हा को लाठी मारी जिससे दोनों कलाईयों में चोट आई है। इसके बाद राधे ने बंदूक से गोली चलाई जो कमला पत्नी मुन्ना सिंह के दाएं पैर की पिड़ली में लगी। थाना देवगढ़ की डायल 112 ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
सतीश व कमला की हालत नाजुक होने के कारण डाक्टर ने उनको जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर कर दिया। देवगढ़ पुलिस ने घटित अपराध को लेकर आरोपित राधे सिकरवार, नीरज सिकरवार व पवन सिकरवार के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा कायम किया है।