
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती बंदी जसवीर सिंह (47) पुत्र मंगल सिंह निवासी मोगा पंजाब सोमवार अलसुबह हथकड़ी समेत बेड से भाग गया। आरोपित को 232 किलो डोडा-चूरा ले जाते हुए नूराबाद पुलिस ने टेकरी के पास से चार नवंबर को कार समेत पकड़ा था। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन के पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक छह नवंबर को आरोपित जसवीर को नशा न मिलने से जिला जेल में उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे बदन दर्द, उल्टी व दस्त की शिकायत पर जेल के डॉ. क्षितिज शर्मा व डॉ. अमृत राजे ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराने का अभिमत दिया।
छह नवंबर को जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में उसे भर्ती कराया गया था। अस्पताल में नशे के आदी लोगों को लगाने के लिए इंजेक्शन का टोटा था, इसलिए उसे रात में लगातार दस्त जाने की दशा में पुलिस गार्ड ने उसके बेड पर बंधी जंजीर खोल दी, ताकि वह अपनी सुविधा से टॉयलेट में जा सके।
कैदी वार्ड में तैनात गार्ड प्रधान आरक्षक रामभरोसी, विक्रम सिंह, सत्यवीर सिंह, वीरेंद्र व पुष्पेद्र तरेटिया में से चार पुलिस कर्मचारी आपस में चर्चा कर आठ नवंबर की रात में दीपावली मनाने घर चले गए। आरक्षक पुष्पेंद्र तरेटिया को निगरानी के लिए अकेला छोड़ गए। पुष्पेंद्र तरेटिया रात में बिस्तर पर आराम करने लगा।
इसका लाभ उठाकर जसवीर सिंह हथकड़ी सहित भाग गया। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने सोमवार को पांचों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। आरक्षक पुष्पेंद्र तरेटिया की ओर से थाना कोतवाली में जसवीर सिंह के हथकड़ी लेकर भागने की एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जसवीर 15 साल से डोडा-चूरा का नशा कर रहा है। यही कारण है कि नशा न मिलने पर उसकी तबीयत बिगड़ी। जसवीर सिंह ने पुलिस को बताया था कि वह डोडा-चूरा गुना क्षेत्र से खरीदकर लाया था। नूराबाद पुलिस ने टेकरी के पास से कार समेत उसे पकड़ा था। अब फरारी के बाद कोतवाली पुलिस ने नई एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।