नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को मुरैना पहुंचे। यहां जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र में दिव्यांगों से, उत्कृष्ट स्कूल क्रमांक एक में छात्र-छात्राओं से, कलेक्ट्रेट में उद्यमिओं से संवाद किया। सीएम ने समाधान व जिला विकास सलाहकार समिति में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से भी चर्चा की। इस सभी कार्यक्रमों से मीडिया को दूर ही रखा गया।
मैदान में ही मैदान के लोगों से करना है चर्चा
बाद में मुख्यमंत्री ने कहा, कि दरअसल प्रशासनिक कसावट के लिए भोपाल में बैठकर मीटिंग करने के बजाय मैदान में निकलकर स्थिति देखना है। मैदान में ही मैदान के लोगों से चर्चा करना है। इसी क्रम में मुरैना आए है। इस दौरान अटल प्रगति पथ (चंबल एक्सप्रेस-वे) का निर्माण जल्द शुरू होने की बात कहते हुए कहा, कि अटल प्रगति पथ के किनारे आर्थिक गलियारा (इकोनॉमिक कॉरिडोर) बनाया जाएगाा, जो ग्वालियर से लगकर पूरे क्षेत्र को एक नई सुविधा देगा। हर विधानसभा में इंडस्ट्रियल पार्क बनेगा, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार मिले।
मुरैना में पर्यटन बड़ी संभावना
मुरैना में पर्यटन की भी बड़ी संभावना है। घड़ियाल अभयारण्य से जोड़कर मेडिकल टूरिज्म, वेलनेस सेंटर, रिलीजस टूरिज्म विकसित किया जाएगा। इससे प्रदेश में निवेश बढ़ेगा। मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा, कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना और प्रमुख सचिव अशोक वर्णवाल भी मौजूद रहे।
लघु व सूक्ष्म उद्योगों को भी सब्सिडी मिले
उद्योगपतियों ने बैठक में सुझाव दिया गया कि सरकार जिस तरह नए उद्योगों को सौरऊर्जा पैनल लगाने पर सब्सिडी देती है, वैसे पूर्व से स्थापित लघु व सूक्ष्म उद्योगों को सौरऊर्जा पर सब्सिडी का लाभ दिया जाए। इससे सरकार की ग्रीन एनर्जी की मंशा पूरी होगी। सीएम ने इस विषय पर प्रभावी कदम उठाने के लिए मुख्य सचिव वर्णवाल को निर्देश दिए।
यशस्वी संवाद में सीएम ने किया ऐलान
यशस्वी संवाद में सीएम स्टेट, नेशनल और इंटरनेशन खेल प्रतियेागिताओं व विद्याओं में नाम कमाने वाले मेधावियों से मिले। सीएम ने स्टेट व नेशनल खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वालों को एक-एक लाख और इंटरनेशल गेम्स के खिलाड़ियों को दो-दो लाख की सहायता देने का ऐलान किया।
पूर्व विधायक कंसाना बोले-शहर अस्त व्यस्त है, पार्टी की छवि पर असर पड़ रहा है
जिला सलाहकार समिति की बैठक में पूर्व विधायक रघुराज कंसाना ने कहा कि नगर निगम में कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही, पूरा शहर अस्त-व्यस्त है, पार्टी की छवि पर असर पड़ रहा है। जौरा विधायक पंकज उपाध्याय ने कैलारस शुगर मिल का मामला उठाया। सीएम ने कहा कि उस पर काम चल रहा है, हम सबको साथ लेकर चल रहे हैं।
उत्कृष्ट स्कूल में छात्रा सपना राजावत से चर्चा करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव। नईदुनिया कक्षा में पहुंचे सीएम ने किए सवाल तो बच्चों ने झटपट दिए जवाब
उत्कृष्ट स्कूल क्रमांक एक में सीएम करीब 20 मिनट रुके। कक्षा 10 के सेक्शन-ए में पहुंचे। यहां अंग्रेजी के शिक्षक धर्मेंद्र सिंह तोमर 47 बच्चों को पढ़ा रहे थे। सीएम व विधानसभ अध्यक्ष ने क्लासरूम में घुसने के साथ ही गेट बंद करवा दिया, सीएम ने कहा वह बच्चों से अकेले चर्चा करेंगे।
इसके बाद छात्र-छात्राओं से पूछा कि स्कूल का माहौल कैसा है, बच्चों ने कहा बहुत अच्छा है सर। फिर पूछा कि स्कूल आना कैसा लगता है, बच्चों ने कहा अच्छा लगता है सर, हम सब नियमित आते हैं।
सीएम ने 10वीं की छात्रा सपना राजावत से पूछा कि वॉयस कितने प्रकार की होती हैं। छात्रा बोली... एक्टिव और पेसिव वॉयस। सीएम ने छात्र असलम खान से पूछा, कि वॉयस का दूसरा नाम और उसका काम क्या है, छात्र ने जवाब दिया कि वॉयस का दूसरा नाम आवाज है, यह सुनने-संवाद करने का माध्यम है।