मुरैना में भाजपा नेता के सीएनजी पंप पर रंगदारी... एक्सपायरी सिलेंडर में गैस भरने से मना करने पर सेल्समैन पर चलाई गोली, दो पर केस दर्ज
मुरैना क्राइम समाचार: सेल्समैन की बात सुनने के बाद आरोपी देवा बघेल ने रंगदारी करते हुए कहा कि सीएनजी डालेगा या नहीं। तेरा तो बाप भी इसी बाटला प्लेट के साथ गैस भरेगा। ऐसी धमकी देकर आटो रिक्शा चालक देवा बघेल पंप से गाली देते हुए चला गया।
Publish Date: Sat, 05 Sep 2026 08:27:14 PM (IST)Updated Date: Sat, 05 Sep 2026 08:28:00 PM (IST)
फायर करते बाइक सवार का सीसीटीवी फुटेज और सेल्समैन रानू जिससे विवाद हुआ। नईदुनियाHighLights
- सीएनजी पंप पर सेल्समैन पर तान दिया कट्टा, बाल-बाल बची जान।
- बाटला प्लेट खत्म होने पर गैस भरने से किया था मना।
- 300 रुपये बकाया और धमकी देकर दोबारा लौटा था आरोपी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। जिले के जौरा क्षेत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश मित्तल के CNG पंप पर शनिवार दोपहर 2.29 बजे बाइक पर सवार होकर आए युवकों देवा बघेल व एक अन्य ने सेल्समैन रानू शर्मा पर कट्टे से फायर किया। गनीमत रही कि गोली सेल्समैन को नहीं लगी। फायर किसी पेट्रोल डिलीवरी मशीन को भी नहीं लगा वर्ना आग लग सकती थी। गोली चलने से पेट्रोल पंप पर मौजूद वाहन सवारों में भगदड़ मच गई। जौरा पुलिस ने घटित अपराध को लेकर दो लोगों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।
सेल्समैन बोला- बाटला प्लेट हो गई है एक्सपायर
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर 12.50 बजे ऑटो रिक्शा चालक देवा बघेल निवासी स्यारू अपना वाहन लेकर भाजपा नेता कैलाश मित्तल के सीएनजी पंप पर पहुंचा। आरोपी ड्राइवर देवा ने सेल्समैन रानू शर्मा से कहा कि वह वाहन में सीएनजी डाल दे। रानू ने सीएनजी डालने के लिए बाटला प्लेट को देखा तो एक्सपायरी डेट बीत चुकी थी। तब सेल्समैन ने कहा कि आपका बाटला प्लेट बहुत पहले एक्सपायर हो चुकी है। ऐसे में हम सीएनजी नहीं भर सकते क्योंकि बाटला प्लेट के एक्सपायर होने की दशा में गैस भरने पर दिल्ली जैसा हादसा हो सकता है और पंप पर मौजूद लोगों की जान पर बन आएगी।
... तेरा तो बाप भी इसी बाटला प्लेट के साथ गैस भरेगा
सेल्समैन की बात सुनने के बाद आरोपी देवा बघेल ने रंगदारी करते हुए कहा कि सीएनजी डालेगा या नहीं। तेरा तो बाप भी इसी बाटला प्लेट के साथ गैस भरेगा। ऐसी धमकी देकर आटो रिक्शा चालक देवा बघेल पंप से गाली देते हुए चला गया। डेढ़ घंटे बाद दोपहर 2.29 बजे आरोपित देवा बघेल अपने किसी दोस्त की बाइक पर सवार होकर मित्तल सीएनजी पंप पर पहुंचा और बाइक को प्रवेश द्वार पर खड़ी कर उसने सेल्समैन रानू शर्मा को आवाज दी। आवाज सुनकर रानू शर्मा जैसे ही देवा की तरफ देखा वैसे ही आरोपित देवा ने कट्टे से सेल्समैन पर फायर दिया। गोली चलने से पंप पर मौजूद लोग डर गए और दाएं-बाएं हो गए।
एक महीने पहले गैस भराकर 300 रुपये कम दे गया था देवा
आटो रिक्शा चालक देवा बघेल एक महीने पहले मित्तल सीएनजी पंप पर गैस भराने आया तो सेल्समैन को 300 रुपये कम दे गया। बोल गया था कि शाम तक आय होने के बाद वह गैस के शेष रुपये दे जाएगा। लेकिन उसने अगस्त बीतने तक बकाया 300 रुपये पंप पर जमा नहीं कराए। इसलिए सेल्समैन रानू शर्मा को लगा कि कहीं इस बार भी गैस भरवाकर आरोपित देवा रुपए बकाया न कर जाए।
जानिए...क्या होती है बाटला प्लेट
- सीएनजी ऑटो-रिक्शा में बाटला यानि सिलेंडर पर लगी प्लेट या तो उसकी वैधता व एक्सपायरी डेट दर्शाती है। जो इंजन की ताकत को पहियों तक पहुंचाने का काम करती है।
- यह प्लेट गैस सिलेंडर पर सुरक्षा और विनिर्माण से जुड़ी जानकारी देती है। इस प्लेट से यह पता चलता है कि सिलेंडर सुरक्षित है या नहीं।
- इसके एक्सपायर होने पर सीएनजी पंप से गैस देना बंद करने का प्रावधान केंद्र सरकार की पेट्रोलियम व गैस मंत्रालय ने किया है।