
नईदुनिया न्यूज, अंबाह-मुरैना। अंबाह कस्बे के मुरैना तिराहा पर रविवार रात एक कबाड़ की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग में दुकान में रखा कबाड़ा और पुराने वाहनों के पार्ट्स जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह दुकान के अंदर पटाखा जाना बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक बंटी राठौर की मुरैना तिराहा पर पंजाब नेशनल बैंक के पास कबाड़े की दुकान है। रात के समय वह दुकान बंद कर घर चला गया था। दुकान में पुरानी गाड़ियों के पार्ट्स और अन्य कबाड़ भरा हुआ था। रात करीब 10 बजे पड़ोसियों ने दुकान से धुआं उठता देखा और तुरंत बंटी राठौर को सूचना दी।
बंटी ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया। बंटी राठौर के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, गाड़ियों के पार्ट्स समेत अन्य सामान जल गया है।
दूसरी घटना मुरैना के सेंट्रल वेयरहाउस परिसर की है, जहां रविवार रात करीब 12 बजे आग भड़क गई। यहां वेयरहाउस परिसर के एक कोने में लकड़ियों का ढेर रखा हुआ था। रात में पड़ोसियों ने वहां से ऊंची-ऊंची लपटें उठती देखीं और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि कहीं से आया पटाखा सूखी लकड़ियों पर गिरा, जिससे आग भड़क गई। इस जगह के आसपास कई मकान बने हुए हैं, जिनकी छतों तक आग की लपटें पहुंच गई थीं, जिससे अफरा-तफरी मच गई।