मुरैना में सड़क हादसों का कहर, दो भाइयों समेत 5 लोगों की मौत और कई घायल
पुलिस ने अज्ञात वाहन के ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 09:06:31 AM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 09:07:09 AM (IST)
HighLights
- सबलगढ़ में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत
- हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
- बानमोर में हादसे में राहगीर की जान गई
नईदुनिया न्यूज, मुरैना (सबलगढ़) । मुरैना जिले के अंतर्गत सबलगढ़ थाना क्षेत्र के बेरई की पुलिया पर गुरुवार की दोपहर को दो बाइकों के बीच भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई है। एक युवक की मौत सबलगढ़ अस्पताल में हो गई, वहीं दूसरे की जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया। जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। दूसरी घटना में तीन लोगों की मौत हुई है।
बेरई की पुलिया पर दोनों बाइकों के बीच हो गई भिड़ंत
जानकारी के मुताबिक हार के बाला का तोर गांव निवासी सौरभ पुत्र भंवर सोलंकी उम्र 40 साल व आशीष पुत्र शैलेंद्र हांडा उम्र 29 साल दोनों अपने गांव से आ रहे थे। इसी बीच झुंडपुरा निवासी मनीशंकर केवट पुत्र मोहर सिंह केवट उम्र 25 साल तथा चिंता पत्नी महेश केवट उम्र 21 साल बाइक से हार के बाला का तोर गांव की ओर जा रहे थे।
इसी बीच बेरई की पुलिया पर दोनों बाइकों के बीच भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार चारों घायल हो गए। जिन्हें सबलगढ़ अस्पताल लाया गया। जहां चारों की हालत गंभीर बनी हुई थी। जिसमें से सौरभ सोलंकी ने सबलगढ़ में ही दम तोड़ दिया।
घायल मनीशंकर, आशीष व चिंता केवट को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल से मनीशंकर केवट को ग्वालियर रेफर किया गया। जहां ग्वालियर पहुंचने से पहले उसने भी दम तोड़ दिया। स्वजन उसके शव को शाम तक सबलगढ़ लेकर पहुंचे। दो घायल हैं।
बाइक सवान को पीछे से मारी टक्कर
मुरैना से हिंगौनाकलां जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से आए किसी भारी वाहन ने गुरुवार शाम 7 बजे घिरौना हनुमान मंदिर से क्वारी नदी के बीच हाईवे पर टक्कर मार दी। दुर्घटना में दो युवकों की मौत मौके पर हो गई। तीसरे घायल ने उपचार मिलने से पहले ही जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने भारी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
क्वारी नदी से हाइवे पर पीछे से आए वाहन ने बाइक को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, हिंगौनाकलां में रहने वाले कल्लू माहौर 35 साल व उसका छोटा भाई गोपीलाल 28 साल पुत्रगण मुन्ना माहौर समेत प्रकाश 45 पुत्र बांकेलाल माहौर एक बाइक पर सवार होकर मुरैना से अपने गांव-घर जा रहे थे। घिरौना हनुमान मंदिर निकलने के बाद क्वारी नदी से पहले हाइवे पर पीछे से आए वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कल्लू माहौर व उसके छोटे भाई गोपीलाल की मौके पर मौत हो गई। सिविल लाइन पुलिस गंभीर घायल प्रकाश माहौर को लेकर जिला अस्पताल पहुंची वहां उसने दम तोड़ दिया।
हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत
बानमोर में नेशनल हाईवे हादसों का ठौर बन गया है, यहां आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं। बुधवार की शाम भी हाईवे पर दौड़ रहे तेज रफ्तार वाहन ने एक राहगीर की जान ले ली। यह हादसा मुरैना से ग्वालियर जान वाली लेन पर क्लासिक होटल के पास हुआ है। कलिंदे का पुरा निवासी भगवान सिंह गुर्जर को सड़क पर घायल मिला, जिसकी सूचना तत्काल बानमोर थाने को दी गई। बानमोर पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां 30 वर्षीय युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हुई। पुलिस ने अज्ञात वाहन के ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है।