
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। उत्तर प्रदेश के आगरा के अंकित शर्मा ने अपनी उम्र पांच साल कम लिखाकर मुरैना के स्कूल में दाखिला लिया था। कम आयु वर्ग की लंबी कूद में कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग भी लिया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर ओलिंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया।
वर्तमान में चेन्नई में आयकर निरीक्षक के पद पर पदस्थ अंकित का यह फर्जीवाड़ा अब जाकर ग्वालियर निवासी डॉ. आरके तिवारी ने उजागर किया है, जिससे बाद कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वर्ष 2006 में अंकित का चयन भोपाल साई सेंटर के लिए हुआ था। वर्ष 2010 राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में भाग लिया। वर्ष 2016 दक्षिण एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता। रियो डी जनेरियो में हुए 2016 ग्रीष्मकालीन ओलंपिक में भाग लिया।
कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार आगरा के पिनाहट कस्बे के अरनोटा रोड निवासी अंकित पुत्र हरिनाथ शर्मा का जन्म एक अगस्त 1987 को हुआ। इसी के आधार पर अंकित ने प्राइमरी स्कूल विप्रावली-पिनाहट से पांचवी की परीक्षा 1995 में, गुलजारीलाल चुन्नीलाल जैन हाईस्कूल पिनाहट में आठवीं व इसके बाद सर्वोदय विद्या मंदिर, पिनाहट से 12वीं तक की पढ़ाई 1999 से लेकर 2004 तक की थी।
पिनाहट के स्कूलों से यह रिकॉर्ड पुष्ट पाया गया है। जबकि दूसरी ओर अंकित ने 29 जुलाई 2002 को मुरैना के शासकीय ज्योति विद्यालय में दाखिला लेकर 2003 में आठवीं की परीक्षा पास की। यहीं फर्जीवाड़ा किया गया, क्योंकि प्रवेश के समय अंकित की उम्र 16 साल थी, लेकिन फर्जी जन्म प्रमाण पत्र में जन्मतिथि 20 जुलाई 1992 (उम्र 11 साल) कर ली।
जन्म प्रमाण पत्र से लेकर पिनाहट के स्कूल की फर्जी टीसी व अंकसूची तक बनाई गई। अंकित ने नौवीं से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई भोपाल के हीरोज कान्वेंट हाईस्कूल, इंद्रपुरी भोपाल से पास की। भोपाल के स्कूल में भी फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और मुरैना स्कूल की आठवीं की अंकसूची लगाई।
शिकायतकर्ता डॉ. आरके तिवारी के अनुसार साल 2016 में कजाकिस्तान के अल्माटी में हुई जी-कोसानोव में किशोरों के साथ भाग लिया और लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीता। इन मेडल व ट्राफियों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार से मोटी इनामी राशि भी हड़प ली।
अंकित उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दोनों से अपना जुड़ाव दिखाता रहा है। खेल कोटे से ही आयकर विभाग में नौकरी हासिल की है।
कोतवाली थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि अंकित शर्मा की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली, आरोपित ने मोबाइल भी बंद कर लिया है। जल्द उसको गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी अब केन-बेतवा लिंक परियोजना के खिलाफ खोलेंगे मोर्चा