
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। चंबल नदी से होने वाले रेत के अवैध उत्खनन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त है। पूरा जिला प्रशासन चंबल से रेत उत्खनन व परिवहन को रोकने में जुटा है। दूसरी तरफ सबलगढ़ में सरकारी स्कूल का एक शिक्षक ड्यूटी के समय अवैध रेत का परिवहन करवाता पकड़ा गया।
शिक्षक अवैध रेत के ट्रैक्टर-ट्राली के आगे बाइक लेकर चल रहा था। पुलिस टीम को देखते ही ट्रैक्टर-ट्राली को लेकर भागे, लेकिन ट्राली गड्ढे में फंस गई। पुलिस ने तीन पर केस दर्ज किया, जिसमें शिक्षक को फिलहाल अज्ञात आरोपित में लिखा है।
सबलगढ़ थाने के प्रधान आरक्षक संतोष कुमार, अमित शाक्य व अनिल जयंत शुक्रवार की दोपहर साढ़े 3 बजे राममंदिर चौराहा पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली, कि बद्धपुरा रोड से सबलगढ़ की तरफ अवैध रेत के ट्रैक्टर आ रहे हैं। पुलिस टीम बद्धपुरा रोड पर पहुंच गई, यहां रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्राली को बटेश्वरा निवासी कप्तान केवट चला रहा था, ट्रैक्टर के बोनट पर एक युवक बैठा हुआ था।
अवैध रेत के ट्रैक्टर-ट्राली के आगे मोटरसाइकल से चोखपुरा गांव निवासी हंसराम गुर्जर चल रहा था। हंसराम गुर्जर सरकारी स्कूल का शिक्षक है। पुलिस टीम को देखते ही हंसराम बाइक से नहर रोड की तरफ मुड़ गया, उसके पीछे रेत के ट्रैक्टर-ट्राली को भी ड्राइवर कप्तान केवट ने मोड़ दिया।
इसके बाद ट्रैक्टर-ट्राली को इतनी तेज रफ्तार में भगाया, कि नहर रोड पर अन्य राहगीरों में हड़कंप मच गया। करीब दो किलोमीटर दूर महघट की रोड पर जहां पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई चल रही है, उसमें ट्राली का पहिया धंस गया। इसके बाद ट्राली को छोड़कर ट्रैक्टर लेकर आरोपित भाग गए।
सबलगढ़ पुलिस ने ड्राइवर कप्तान केवट निवासी बटेश्वरा व दो अन्य पर बीएनएस की धारा 303(2), 317(5), अवैध खनन, परिवहन व भंडारण का निवारण अधिनियम की धारा 18(1) और खान व खनिज अधिनियम की धारा 4(A) के तहत केस दर्ज किया है। चोखपुरा गांव का हंसराम पुत्र सुल्तान सिंह गुर्जर जमुनी का पुरा-चंगपुरा स्कूल में पदस्थ है, लेकिन वह स्कूल कभी-कभार जाता है।
शुक्रवार को वह स्कूल टाइम में अवैध रेत का उत्खनन व परिवहन करवा रहा था। बताया गया है, हंसराम गुर्जर पर दो ट्रैक्टर हैं, जिनसे वह चंबल नदी के रेत का अवैध परिवहन करता है। उक्त शिक्षक विभाग में भी दबंगई रखता है, बिना स्कूल जाए उसकी हाजिरी लगती है। शिक्षक हंसराम सबलगढ़ की चंबल कालोनी में सरकारी क्वार्टर में भी रहता है, यहां वह रात को रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रालियों को कई बार खड़ा करता है।
हंसराम गुर्जर सरकारी स्कूल का शिक्षक है। फिलहाल ड्राइवर का नामजद किया गया है। ड्राइवर के बयान होने के बाद हंसराम को नामजद किया जाएगा, फिलहाल वह अज्ञात आरोपित में हैं। बीईओ को पत्र लिखकर जानकारी ली जाएगी कि यह कौन से स्कूल में पदस्थ है, शुक्रवार दोपहर साढ़े 3 बजे यह स्कूल में था या नहीं?
-संतोष कुमार, प्रधान आरक्षक, सबलगढ़ थाना