मुरैना में जनविश्वास शिविर में मंच पर बैठने को लेकर पार्षदों में तीखी बहस, हाथापाई की नौबत से मचा हड़कंप
निर्दलीय पार्षद विक्रम सिंह तोमर ने आपत्ति जताई कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के बजाय पार्षदों के पति मंच पर बैठे हैं, जबकि उन्हें जगह नहीं दी गई।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 08:37:28 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 08:38:09 AM (IST)
मंच के सामने जाकर आपत्ति करता पार्षद विक्रम सिंह तोमर। नईदुनियाHighLights
- पार्षद पतियों के मंच पर बैठने पर जताई आपत्ति
- माइक पर बहस के बाद गाली-गलौज और धक्का-मुक्की
- विवाद के दौरान मौके पर नदारद दिखी पुलिस
नईदुनिया न्यूज, अंबाह (मुरैना)। अंबाह के पचासा मैदान में शुक्रवार को नगरपालिका की ओर से आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में मंच पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। निर्दलीय पार्षद विक्रम सिंह तोमर ने आपत्ति जताई कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के बजाय पार्षदों के पति मंच पर बैठे हैं, जबकि उन्हें जगह नहीं दी गई। मंच पर कुछ भाजपा नेता भी मौजूद थे।
पार्षद ठेकुले गुस्से में मंच से नीचे उतरे तो हाथापाई की बन गई नौबत
जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव के सामने हुई बहस में वरिष्ठ पार्षद रघुराज ठेकुले ने माइक लेकर विक्रम सिंह तोमर को मंच पर आने के लिए कहा और मंच पर बैठे लोगों को सम्मानित जनप्रतिनिधि बताया।
इसके बाद विवाद बढ़ा और बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। ठेकुले गुस्से में मंच से नीचे उतरे तो हाथापाई की नौबत बन गई। मौजूद लोगों ने दोनों को अलग कर स्थिति संभाली। विक्रम सिंह तोमर कार्यक्रम छोड़कर चले गए, जिसके बाद मंच खाली हो गया।
शिविर में सभी विभागों के पंजीयन काउंटर लगाए गए थे। विवाद के बाद जिला पंचायत सीईओ ने लोगों की समस्याएं सुनीं।
पूरे विवाद से गायब रही पुलिस, सीईओ पुलिस को बुलाते रहे
जब पार्षदों के बीच गाली गलौज और माहौल खराब हो रहा था, इसी बीच पुलिस कहीं भी नजर नहीं आ रही थी, मौके पर कोई पुलिस जवान नहीं था। आलम यह था कि हालात को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव पुलिस को आवाज लगाते दिखाई दिए, लेकिन यहां कोई नहीं आया। इस बीच 10 से 15 मिनट में मामला लोगों ने ही शांत कराया। अगर ऐसे में बवाल ज्यादा मचता, क्योंकि पार्षद विक्रम सिंह तोमर गोलियां चलाने तक की बात कह रहे थे। जिसके बाद सभी की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी।