नईदुनिया न्यूज, मुरैना। सवितापुरा क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। कोचिंग संचालक पति शादी में जाने के लिए दोपहर में घर आया, तब घर के अंदर पत्नी का शव मिला। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
शादी में जाने के लिए घर लौटा था पति
कोतवाली थाना क्षेत्र के सवितापुरा, वत्सल स्कूल के पास रहने वाले मनीष नामदेव कोचिंग चलाते हैं, उनकी पत्नी मीना नामदेव भी कोचिंग पढ़ाती हैं। बताया गया है, कि अशोक नगर में रहने वाले रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने के लिए गुरुवार की दोपहर मनीष व मीना जाने वाले थे।
इसीलिए मनीष दोपहर 2 बजे कोचिंग से लौटकर घर पहुंचे। कई बार आवाज, फोन लगाने के बाद भी घर का दरवाजा नहीं खुला, न पत्नी का फोन उठा।
इसके बाद मनीष ने पड़ोसी से नसेनी मांगी, उसके सहारे दीवार पर चढ़कर वह घर के अंदर पहुंचे। वहां देखा तो सीढ़ियों के नींचे मीना बेसुध पड़ी है।
मीना का ब्लॉकेज का चल रहा था इलाज
अस्पताल लाने पर डॉक्टर ने मीना को मृत घोषित कर दिया। उसके हाथ, पैर आदि जगहों पर चोट के निशान थे। ऐसे में माना जा रहा है, कि सीढ़ियों से गिरने के कारण मीना की मौत हुई है, लेकिन मीना के हाथ, पैर व माथे पर ऐसी जगह निशान थे, जो सीढ़ियों से गिरने जैसे प्रतीत नहीं हो रहे थे।
बताया गया है, कि मीना के दिल ब्लॉकेज की समस्या थी, उसका इलाज भी चल रहा था। पुलिस ने मर्ग का प्रकरण दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम होगा, उसमें मौत के सही कारण सामने आएंगे। बताया गया है कि मीना व मनीष की शादी 2021 में हुई थी।