मात्र ₹825 की सिगरेट, गुटखा की उधारी पर मुरैना में खूनी जंग, कुल्हाड़ी और सरिए चले; दो पक्षों के 8 लोग घायल
पोरसा पुलिस ने घटित अपराध को लेकर दोनों पक्षों के खिलाफ क्रास मुकदमा कायम किया है।
Publish Date: Sat, 03 Oct 2026 08:42:39 PM (IST)Updated Date: Sat, 03 Oct 2026 08:52:48 PM (IST)
HighLights
- सिगरेट-गुटखा का तकादा करने पर भड़का आरोपी
- कुल्हाड़ी के वार से दुकानदार का सिर फटा, 12 टांके आए
- बचाव में चले सरिया व लाठी, पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना (पोरसा)। सिगरेट, गुटखा की उधारी के 825 रुपये का तकादा करने पर शिवा श्रीवास व उसके परिजन ने दुकानदार सूरज श्रीवास पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। दोनों पक्षों के बीच सरिया व लाठी चलने से फरियादी व आरोपी पक्ष के चार-चार लोग घायल हुए हैं। इनमें चार महिलाओं व युवतियों को चोट आई है। दुकानदार व उसकी बहन को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पोरसा पुलिस ने घटित अपराध को लेकर दोनों पक्षों के खिलाफ क्रास मुकदमा कायम किया है।
पोरसा की लफड़ा वाली में हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, पोरसा कस्बा की लफड़ा वाली गली में सूरज पुत्र रामवीर श्रीवास का प्रोवीजन स्टोर है। सूरज की दुकान से उसके पड़ोस में रहने वाला शिवा श्रीवास पांच महीने से उधार सिगरेट, गुटखा व अन्य सामान खरीदकर ले जा रहा था। उधारी न चुकाने की दशा में सूरज ने शिवा को उधार सिगरेट व गुटखा देना बंद कर दिया जिससे वह बौखला गया। दुकानदार सूरज ने शिवा से उधारी चुकता करने की बात कही तो शिवा ने शुक्रवार को घर से पैसे देने की बात कह दी।
तकादा होते ही शिवा व उसका पिता भड़क गए
शुक्रवार की सुबह सूरज बाइक से घर से दुकान के लिए निकला तो रास्ते में शिवा से उसने उधारी के 825 रुपए देने की बात कह दी। तकादा होते ही शिवा व उसका पिता गजेंद्र भड़क गए और सूरज को गाली दे दीं।
दुकानदार ने गाली देने से मना किया तो शिवा ने सूरज की खींचतान कर दी जिससे सूरज बाइक समेत जमीन पर गिर गया और उसको चोट आ गई। सूरज घटना की शिकायत का आवेदन पोरसा थाने में देकर घर वापस लौट रहा था तो आरोपित शिवा श्रीवास व उसके पिता गजेंद्र समेत तीन महिलाओं ने सूरज पर हमला कर दिया।
शिवा ने कुल्हाड़ी से सूरज के सिर पर बार किया, जिससे उसका सिर फट गया और 12 टांके आए हैं।
भाई को बचाने अपूर्वी आगे आई तो उसे भी मारा
सूरज को बचाने उसकी बहन अपूर्वी मौके पर पहुंची तो उसके सिर में लाठी मारी जिससे सिर में अंदरूनी चोट आई है। सूरज की मां संगीता व छोटे भाई अब्बू बीच-बचाव कराने आए तो आरोपियों ने उनको भी पीटा।
इधर सूरज पक्ष के लोगों ने अपने बचाव में शिवा श्रीवास पक्ष के लोगों को सरिया व लाठी-डंडों से पीटा जिससे शिवा के पिता गजेंद्र बहन राधा व सुमन को चोटें आई हैं।
शुक्रवार सुबह 9.50 बजे की घटना की देहाती नालिसी अपराह्न बाद लिखे जाने पर पोरसा पुलिस ने दो अलग अपराध कायम किए हैं।