मुरैना में शराब के नशे में धुत पति ने खाना नहीं परोसने पर पत्नी को सरियों से पीटा, मौके पर ही मौत
हल्ला सुनकर आस पास के लोग इकट्ठा हो गए तो आरोपी मौके से भाग निकला।
Publish Date: Tue, 16 Jun 2026 02:47:13 PM (IST)Updated Date: Tue, 16 Jun 2026 02:47:50 PM (IST)
पुलिस थाना दिमनी और मृतिका निशा जाटव। नईदुनियाHighLights
- शराब के नशे में अक्सर करता था बर्बरता
- लोहे के सरिए से ताबड़तोड़ वार कर ली जान
- पुलिस ने मामला किया दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। दिमनी थाना क्षेत्र के सहरियन का पुरा गांव में सोमवार की शाम को खाना न परोसने पर शराब के नशे में धुत पति ने पत्नी की सरियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हल्ला सुनकर आस पास के लोग इकट्ठा हो गए तो आरोपी मौके से भाग निकला।
चचेरी बहन ने पुलिस को दी सूचना
लोगों ने देखा तो महिला की मौत हो चुकी थी, जिस पर मृतका की चचेरी बहन जो सहरियन का पुरा गांव में ही है, उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बरामद कर पीएम के लिए भिजवाया और आरोपित पति की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में मर्ग दर्ज किया है।
धर्मेंद्र जाटव शराब पीने का है आदी
जानकारी के मुताबिक सहरियन का पुरा गांव निवासी धर्मेंद्र जाटव शराब पीने का आदी है, जो अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी निशा जाटव उम्र 35 साल के साथ मारपीट करता रहता था। सोमवार की शाम को धर्मेंद्र नशे की हालत में घर पहुंचा और निशा से खाना परोसने की बात कही। निशा ने नशे में होने पर विरोध जताया। इसी बात पर धर्मेंद्र ने पहले उसकी लात घूंसों से मारपीट की।
इसके बाद सरिया उठाकर उस पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। जिससे निशा की मौके पर ही मौत हो गई। निशा को मरा हुआ देख धर्मेंद्र मौके से भाग निकला। मोहल्ले के लोग भी इकट्ठा हो गए। गांव में ही निशा की चचेरी बहन भी रहती है उसने पुलिस को सूचना दी।
जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के भाई कोमल जाटव निवासी बड़ापुरा पोरसा की फरियाद पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं धर्मेंद्र के पकड़े जाने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।