मुरैना में इकलौते बेटे ने YouTube पर वीडियो देखकर लगाया फंदा, दोस्त से कहा था- आखिरी बार मिलना चाहता हूं
कोतवाली पुलिस युवक की मौत से जुड़े कारणों की जांच कर रही है।
Publish Date: Sat, 31 Oct 2026 08:46:31 AM (IST)Updated Date: Sat, 31 Oct 2026 09:11:15 AM (IST)
HighLights
- यूट्यूब से फंदा लगाना सीखकर की खुदकुशी
- आत्महत्या से पहले 20 मिनट तक हुई थी बात
- परिवार का इकलौता और लाडला था रोहित
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। शहर के दत्तपुरा स्थित पटी गली में 26 वर्षीय युवक ने घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। खुदकुशी से पहले युवक ने किसी से मोबाइल फोन पर 20 मिनट तक बात की और उसके बाद आत्मघाती कदम उठा लिया। कोतवाली पुलिस युवक की मौत से जुड़े कारणों की जांच कर रही है।
फांसी लगाने से पहले घर में दाल-टिक्कर बनाएं और सभी को खिलाए भी
जानकारी के मुताबिक, दत्तपुरा पटी गली में रहने वाले रोहित यादव 26 साल पुत्र मनोज यादव ने 26 अक्टूबर की रात 8 बजे घर में दाल-टिक्कर बनाए और सभी को खिलाए। खाना खाने के बाद रोहित घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में सोने की कहकर चला गया।
रात 11.40 से 12 बजे के बीच रोहित यादव की किसी से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई है। उसके बाद रोहित ने मोबाइल फोन पर यू-ट्यूब खोलकर वहां से फांसी लगाना सीखा और उसी अनुरूप साड़ी से फांसी का फंदा बनाकर उस पर झूल गया।
सुसाइड से पहले रोहित ने किसी दोस्त को किया था कॉल
सुसाइड से पहले रोहित ने अपने किसी दोस्त को कॉल कर कहा कि उससे आखिरी बार मिलना चाहता है तो उसके घर आ जा। रोहित की ऐसी बात सुनकर उसका दोस्त छोटू दौड़ता हुआ रात में घर आया और उसके कमरे में पहुंचा तो देखा कि रोहित फांसी के फंदे पर झूल रहा है।
परिवार के लोगों का कहना है कि रोहित ने रात में 20 मिनट तक जिससे भी बात की है उसी की बातचीत रोहित के सुसाइड के प्रति उकसाने के लिए जिम्मेदार है।
यहां बता दें कि रोहित अपने पूरे कुटुंब में इकलौता बेटा था। वह स्नातक पढ़ाई करने के बाद रेलवे में नौकरी के लिए तैयारी कर रहा था। रोहित जब तीन साल का था तब उसके पिता मनोज यादव का निधन हो गया था। वह परिवार में सभी का लाड़ला था।