
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। खेतों के पास सरकारी जमीन को लेकर चचेरे भाईयों में पहले लाठी फिर गोलियां चल गईं। गोली लगने से एक पक्ष के दो सगे भाईयों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो की हालत नाजुक हैं, जिन्हें जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया है। दो हत्याएं करने वाला पक्ष गांव से फरार हो गया। रविवार की सुबह यह घटना सुमावली थाना क्षेत्र के घुरैया बसई ग्राम पंचायत के हटूपुरा गांव में हुई।
हटूपुरा गांव निवासी रामजीलाल गुर्जर और नवल गुर्जर दोनों सगे भाई थे, जिनका कुछ साल पहले निधन हो चुका है। दोनों की जमीन पास-पास है, जिस पर दोनों के बच्चों का कब्जा है। इन्हीं खेतों के पास करीब पांच बिस्वा (लगभग आधा बीघा) जमीन डांडे (बीहड़नुमा) है। इस सरकारी जमीन के एक हिस्से पर नवल सिंह के दो बेटे नाथूराम व छोटेलाल ने मकान बना लिया।
दूसरे हिस्से को रामजीलाल के पांच बेटे धीरेंद्र, राजवीर, अजब सिंह, अशोक और अवध किशोर मकान बनाना चाहते हैं। इसे लेकर कुछ समय से दोनों पक्षों में झगड़ा चल रहा था। रविवार की सुबह फिर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। रामजीलाल के बेटे, पौते जमीन पर कब्जा करने लाठी-डंडे लेकर निकल गए। खेतों के पास ही पहले से नाथूराम-छोटेलाल पक्ष के करीब एक दर्जन लोग बंदूकें, लाठियां लेकर बैठे थे।
गाली गलौज से शुरू हुए विवाद में ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। नाथूराम-छोटेलाल पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष को सीधे गोलियां मारीं। इसमें 42 वर्षीय राजवीर और उसका छोटे भाई अजब सिंह उर्फ बंटो गुर्जर को कमर से नींचे गोली लगी, अधिक खून बहने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इनके अलावा मृतक अजब सिंह के 22 वर्षीय बेटे विकास उर्फ विक्की और बड़े भाई धीरेंद्र उर्फ पप्पू को भी गोलियां लगीं। कुछ को तो दो-दो गोली लगना बताया गया है। गोली से गंभीर घायल धीरेंद्र और विकास को ग्वालियर रेफर किया गया है।
.jpg)
घटना की जानकारी लेती पुलिस। नईदुनिया