मुरैना, नईदुनिया प्रतिनिधि। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की जिला समिति की बैठक सोमवार को बहादुर सिंह धाकड़ भवन कैलारस में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राज्य सचिव केन्द्रीय समिति के सदस्य जसविंदर सिंह ने कहा कि प्रदेश में जनता की बदहाली बढ़ती ही जा रही है। एमएसपी के नाम पर किसानों की बाजरे की फसल की आमतौर पर खरीदी नहीं गई है। जहां कुछ खरीदी की गई है। वहां भी उसे अमानक बता कर सोसाइटियों को वापस कराया जा रहा है और सोसायटियों के द्वारा किसानों को वापस किया जा रहा है।
इस तरह की किसानों की फसल की दुर्दशा पहली बार हुई है। किसान बाजरा की फसल को बेचने के लिए दर दर की ठोकरें खाते रहे, सरकार निष्ठुर बनी रही। इतना ही नहीं प्रदेश में दलितों पर अत्याचार की बाढ़ सी आ गई है। अभी भी दूल्हों को घोड़ियों पर नहीं बैठने दिया जा रहा है। दबंगों द्वारा आए दिन हमले किए जा रहे हैं। यह सब सत्तारूढ़ दल के समर्थन में हो रहा है। दूसरी ओर प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव का माहौल पैदा किया जा रहा है। सद्भाव को बिगाड़ा जा रहा है। अल्पसंख्यकों को निशाना बनाकर हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने इस के खिलाफ अभियान चलाने और संघर्ष करने की जरूरत को रेखांकित किया। इस दौरान बैठक में जिला सचिव महेश प्रजापति ने जिले की राजनीतिक स्थिति और गतिविधियों की रिपोर्ट तथा आगामी कार्यवाही की रूपरेखा प्रस्तुत की। जिस पर सभी ने चर्चा कर निर्णय लिए। मीटिंग की अध्यक्षता गयाराम सिंह धाकड़ ने की। बैठक में पार्टी के अशोक तिवारी, मुरारी लाल धाकड़, राजेश गुप्ता, सुरेश धाकड़, इब्राहिम शाह, राजेंद्र जाटव, सुभाष शर्मा, सुमन शर्मा, आदिराम आर्य, राजवीर सिंह धाकड़ मौजूद रहे।